जाट महासभा ने अटूस में समाज की प्रतिभाओं का किया अभिनंदन: सेना, एयरफोर्स, नेवी और रेलवे में चयनित युवाओं ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
रूनकता/आगरा। किरावली तहसील के गांव अटूस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि ग्रामीण प्रतिभाएं अवसर मिलने पर देश की सबसे प्रतिष्ठित सेवाओं में अपना परचम लहरा सकती हैं। गांव अटूस, लोहकरेहरा, नागर सहित आसपास के गांवों के दर्जनों युवाओं के सेना, एयरफोर्स, नेवी, रेलवे और अन्य सेवाओं में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय जाट महासभा और क्षेत्रवासियों ने गांव अटूस स्थित चौधरी मान सिंह मैरिज गार्डन में भव्य सम्मान समारोह आयोजित कर सभी प्रतिभाओं का पगड़ी, माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर जोरदार स्वागत किया।
सम्मानित होने वालों में रोहित कुमार पुत्र राजवीर पहलवान, जिन्होंने सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर फ्लाइंग ऑफिसर बनने का गौरव प्राप्त किया, विशेष आकर्षण रहे। इसके अलावा सौरभ प्रजापति का आर्मी में, उमा कुमारी का एयरफोर्स के प्रशासन विभाग में, अजय कोरी का रेलवे में लोको पायलट, प्रशांत सारस्वत और यशपाल का एयरफोर्स में, सूरज सिंह का नेवी कोस्ट गार्ड में, विष्णु का नेवी सिविलियन में तथा सचिन छोंकर, सौरभ, रोहित और शिवांकर का आर्मी जीडी में चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन हिन्दू फ्रंट के जिलाध्यक्ष सुदामा सिंह छोंकर एवं अखिल भारतीय जाट महासभा ने संयुक्त रूप से किया। समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता देवी सिंह छोंकर ने की, जबकि संचालन बच्चू सिंह छोंकर एवं महासभा के जिला महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर ने संयुक्त रूप से किया। ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का पगड़ी एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अखिल भारतीय जाट महासभा के जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने सम्मानित युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज को मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों पर धन खर्च करने के बजाय बच्चों की शिक्षा पर निवेश करना चाहिए। उन्होंने गांव-गांव पुस्तकालय स्थापित करने, योग्य शिक्षकों की व्यवस्था करने और नई पीढ़ी को अंधविश्वास एवं पाखंड से दूर रखकर शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
हिन्दू फ्रंट के जिलाध्यक्ष सुदामा सिंह छोंकर ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र कठिन परिश्रम और आत्मप्रतिस्पर्धा है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का संदेश दोहराते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास ही सफलता का मार्ग है।
सांसद प्रतिनिधि प्रमोद चाहर ने सभी चयनित युवाओं का अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और देश सेवा की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष निर्मल चाहर, जिला महामंत्री वीरेंद्र सिंह छोंकर, महानगर अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नरवार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयप्रकाश चाहर, उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राणा, चौधरी नवल सिंह, सत्यवीर सिंह रावत, चौधरी ओमप्रकाश सिंह, प्रदेश मंत्री राधेश्याम मुखिया, कोषाध्यक्ष चौधरी गुलबीर सिंह, युवा लोकदल के प्रदेश महामंत्री मयंक खिरवार, युवा जाट महासभा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी, महानगर अध्यक्ष लखन चौधरी, विनीत छोंकर, जीतू चौधरी एडवोकेट, सोनू सोलंकी, शिक्षक नेता चौधरी सुरजीत सिंह, तेजवीर सिंह चाहर, सैनिक संगठन के संरक्षक प्रताप सिंह चाहर तथा कैप्टन महेश चाहर ने भी प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में रिटायर्ड कैप्टन देवी सिंह, कैप्टन अर्जुन सिंह छोंकर, सूबेदार उसपाल सिंह, सूबेदार मानसिंह, हवलदार रनवीर सिंह, कन्हैयालाल छोंकर, पूर्व प्रधान जनक सिंह, बाबा हुकुम सिंह, सतीश छोंकर, गौरव सोलंकी, प्रदीप सिंह छोंकर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।