आगरा में जाटव उत्थान समिति बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती बड़े समारोह के साथ मनाएगी

आगरा। शोषित, वंचित और दलित समाज के अधिकारों की आवाज़ रहे देश के पूर्व उपप्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती इस वर्ष 5 अप्रैल को आगरा में समता दिवस के रूप में बड़े स्तर पर मनाई जाएगी। कार्यक्रम की सफलता के लिए जाटव समाज उत्थान समिति ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बाबू जगजीवन राम पुस्तकालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में समारोह की रूपरेखा तय की गई और समाज के विभिन्न वर्गों से व्यापक भागीदारी का आह्वान किया गया।

Mar 8, 2026 - 12:20
 0
आगरा में जाटव उत्थान समिति बाबू जगजीवन राम की 119वीं जयंती बड़े समारोह के साथ मनाएगी
बाबू जगजीवन राम की जयंती मनाने के लिए विचार विमर्श करते जाटव उत्थान समिति के पदाधिकारी और सदस्य।

बैठक में समिति के संयोजक बंगाली बाबू सोनी ने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने जीवनभर शोषितों, वंचितों और दलितों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए हर वर्ष उनकी जयंती को समता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस बार कार्यक्रम को और भी व्यापक रूप देने की तैयारी की जा रही है।

समिति के अध्यक्ष अनिल कुमार सन्त ने बताया कि समारोह में भाग लेने के लिए केंद्रीय और प्रदेश सरकार के मंत्री, विद्वान, बुद्धिजीवी तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि समाज के उत्थान और सामाजिक समानता पर व्यापक चर्चा हो सके। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जयंती समारोह नहीं बल्कि समाज की एकता और जागरूकता का बड़ा मंच बनेगा।

समिति के महामंत्री रूप सिंह सोनी ने जानकारी दी कि पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय और रचनात्मक कार्य करके जाटव समाज का नाम रोशन करने वाले समाज बंधुओं को बाबू जगजीवन राम स्मृति समाज रत्न पुरस्कार से सम्मानित कर नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।

उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज रत्न सम्मान के लिए योग्य व्यक्तियों के नाम उनके संपूर्ण विवरण और फोटो के साथ बाबू जगजीवन राम पुस्तकालय, होटल हावर्ड प्लाजा के सामने, फतेहाबाद रोड, ताजगंज, आगरा पर या उनके मोबाइल नंबर 9897325014 पर भेजे जा सकते हैं।

बैठक में समारोह को सफल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। इस दौरान देवकी नंदन सोन, बच्चू सिंह कैथ, मनोज चंद्रा, विनोद आनंद, सत्य प्रकाश, महेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, सूरजभान भाटिया, चौधरी निरंजन सिंह, मनोज पिप्पल, चौधरी मानसिंह, सुरेंद्र डेनियल, राजेंद्र भारती और परमजीत सिंह सहित अनेक समाज बंधुओं ने अपने विचार रखे और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है। ऐसे में उनकी जयंती को बड़े स्तर पर मनाकर समाज में शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor