जेबी गौतम और उसके परिवार ने मुझे मरने के लिए मजबूर किया है, मेरे मरने पर इन्हें कड़ी सजा दिलाना....’ आगरा की फैशन डिजाइनर युवती के अंतिम शब्द जिसमें उसने अपनी भावनाओं से खेलने वाले पुलिस सिपाही का पर्दाफाश किया है

‘आगरा में फैशन डिजाइनर युक्ति की आत्महत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मौत से पहले बनाए गए एक वीडियो में युवती ने थाना ताजगंज में तैनात सिपाही जेबी गौतम और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में उसने अपने साथ हुए मानसिक उत्पीड़न, धोखे और अपमान की दर्दनाक कहानी सुनाई है। युवती की आवाज में पीड़ा और आक्रोश साफ झलकता है। यह वीडियो अब इस पूरे मामले का सबसे अहम पहलू बन गया है।

Mar 13, 2026 - 13:43
Mar 13, 2026 - 13:57
 0

युवती ने जो दर्द बयां किया है, उसने हर सुनने वाले को भावुक कर दिया। यह उसका दुर्भाग्य था कि पहले पति से अलगाव हुआ और जिस दूसरे पर भरोसा किया, वह धोखेबाज निकला। एक बेटे की मां इस युवती को शादी का भरोसा देकर लंबे समय तक लिव-इन में रखा गया, लेकिन जब विवाह की बात आई तो सिपाही ने साफ इनकार कर दिया। मानसिक प्रताड़ना और धोखे से टूट चुकी युवती ने आखिरकार मौत को गले लगा लिया। युवती के वीडियो में दर्ज दर्द अब भी कई सवाल खड़े कर रहा है।

किसी लड़की को धोखे में मत रखो…वीडियो में छलका दर्द

मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में युवती बेहद भावुक और आहत नजर आती है। वह कहती है कि एक तरफ आरोपी सिपाही का बड़ा भाई उसे शादी कर लेने की सलाह देता था, तो दूसरी ओर खुद जेबी गौतम कहता था कि उसके घर वाले इस रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

वीडियो में युवती कहती है-
अगर तुम्हारे घर वाले शादी नहीं करने देते तो मत करो शादी, लेकिन किसी लड़की को धोखे में रखकर उसका जीवन बर्बाद मत करो।

उसकी आवाज में पीड़ा साफ झलकती है, मानो वह अपने साथ हुए छल और अपमान को आखिरी बार दुनिया के सामने रख रही हो।

परिवार पर भी लगाए गंभीर आरोप

वीडियो में युवती ने आरोपी के परिवार पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि जेबी गौतम का बड़ा भाई खुद अपनी पहली पत्नी को छोड़कर दूसरी महिला के साथ रह रहा था, फिर भी उसे और उसके रिश्ते को गलत ठहराया जा रहा था।

युवती ने सवाल उठाते हुए कहा- क्या वो सही है और मैं गलत हूं… सिर्फ इसलिए कि वो पुलिस वाला है? क्या पुलिस वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती?

इन सवालों के साथ वह व्यवस्था और न्याय प्रणाली पर भी अपनी निराशा व्यक्त करती दिखाई देती है।

अगर मैं मर जाऊं तो उसे कड़ी सजा दिलाना…

वीडियो का सबसे दर्दनाक हिस्सा वह है, जब युवती अपनी संभावित मौत का जिक्र करते हुए न्याय की गुहार लगाती है। वह कहती है- 
अगर मैं नहीं भी रहूं, अगर मैं मर भी जाऊं, तो उस शख्स को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। जेबी गौतम और उसका पूरा परिवार मेरी मौत की वजह है। उन्होंने मुझे इतना मानसिक रूप से परेशान किया कि मैं जी नहीं पा रही हूं।

यह शब्द सुनने वाले किसी भी व्यक्ति को भीतर तक झकझोर देते हैं।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से भी लगाई न्याय की गुहार

वीडियो में युवती ने देश के प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी न्याय की गुहार लगाई है। उसने कहा- अगर उसे जीते-जी न्याय नहीं मिला, तो कम से कम उसकी मौत के बाद उसे इंसाफ मिलना चाहिए, ताकि आरोपी किसी और लड़की का जीवन बर्बाद न कर सके।

टूटे भरोसे और मानसिक पीड़ा की कहानी है ये

युवती की कहानी केवल एक आपराधिक प्रकरण नहीं, बल्कि टूटे भरोसे और मानसिक पीड़ा की कहानी बन गई है। जिस रिश्ते को उसने जीवन का आधार समझा, वही अंततः उसके लिए असहनीय बोझ बन गया।

उसके वीडियो में बार-बार न्याय की पुकार सुनाई देती है। मानो वह चाहती हो कि उसके साथ जो हुआ, वह किसी और लड़की के साथ न दोहराया जाए।

Top of Formयुवती के आखिरी शब्द हूबहू जो वीडियो के रूप में सामने आए

और उसका बड़ा भाई एक तरफ मुझसे यह कह रहा है कि तुम शादी कर लो। और एक तरफ जेबी गौतम मुझसे ये कह रहा है कि मेरे घर वाले तुझसे शादी नहीं करने देंगे। अरे, मत करने दो, मत करो कोई शादी, पर किसी लड़की को धोखे में तो मत रखो।

चूंकि उसका बड़ा भाई, मैं उसकी गवाह हूं। उसका बड़ा भाई अपनी दूसरी पत्नी को लेकर फ्लैट पर रहा तीन दिन। तब उसे (बड़े भाई) को ये समझ में नहीं आया कि मैं उसके भाई के साथ बीवी बनकर रह रही हूं। वो क्यों समझेगा, उसने खुद अपनी बीवी को छोड़कर दूसरी लड़की से शादी कर रखी है। उसका तलाक तक नहीं हुआ है।

वो सही है और मैं गलत हूं। क्या वो पुलिस वाला है, इसलिए। क्या पुलिस वाले पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, क्या ये पुलिस वाला होने की वजह से ही बच जाते हैं। अगर ऐसा ही है तो ऐसे कानून से मुझे कोई उम्मीद नहीं है, कोई उम्मीद नहीं है।

अगर है तो तो मैं ये चाहती हूं कि अगर मैं नहीं भी रहूं, मैं मर भी जाऊं तो उस शख्श को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।

एक शख्श जेबी गौतम और उसका पूरा परिवार मेरे मरने की वजह है। उन सबने मुझे इतना मैनुपलेट और इतना मेंटली डिस्टर्ब किया है कि मुझे मरने को मजबूर कर दिया है।

मैं अपनी जान तो दे रही हूं पर मैं चाहती हूं कि मुझे इंसाफ मिले। प्रधानमंत्री और योगी आदित्यनाथ से इतनी उम्मीद है कि अगर मैं सच्ची हूं तो मुझे जीते जी तो इंसाफ नहीं मिला, लेकिन मरने के बाद तो मुझे इंसाफ मिलना चाहिए ताकि ये फिर किसी और लड़की से शादी कर उसका जीवन बर्बाद न कर सके।

पुलिस कार्रवाई: सिपाही निलंबित, गिरफ्तारी के बाद जेल

घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग हरकत में आया। मृतका के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया और आरोपी सिपाही जेबी गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है। आरोपी को विभागीय रूप से निलंबित भी कर दिया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor