जोधपुर की गुटखा फैक्ट्री के ‘हानिकारक फॉर्मूले’ का कनेक्शन आगरा से! हैदराबाद पुलिस का खंदौली के नगला मट्टू में छापा, दिव्यांग केमिस्ट्री शिक्षक मनोज को हिरासत में लेकर पूछताछ
आगरा। थाना खंदौली क्षेत्र के गांव नगला मट्टू में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब तेलंगाना की हैदराबाद पुलिस ने अचानक छापा मारकर एक दिव्यांग केमिस्ट्री शिक्षक को हिरासत में ले लिया। हैदराबाद पुलिस की टीम शिक्षक मनोज को संदिग्ध केमिकल के साथ पकड़कर खंदौली थाने ले आई, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जोधपुर की गुटखा फैक्ट्री से जुड़ा तार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हैदराबाद पुलिस ने हाल ही में राजस्थान के जोधपुर से एक गुटखा फैक्ट्री संचालक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान फैक्ट्री संचालक ने आगरा के खंदौली क्षेत्र के दिव्यांग शिक्षक मनोज का नाम लिया। इसी खुलासे के बाद हैदराबाद पुलिस की टीम सीधे आगरा पहुंची और नगला मट्टू गांव में दबिश देकर शिक्षक मनोज को हिरासत में ले लिया।
‘हानिकारक केमिकल फॉर्मूले’ की आशंका
जांच एजेंसियों को संदेह है कि जोधपुर की गुटखा फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे गुटखे में किसी ऐसे केमिकल फॉर्मूले का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसे स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसी फॉर्मूले के संबंध में शिक्षक मनोज की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शिक्षक मनोज के घर से कौन-सा केमिकल बरामद हुआ है और उसे किस उद्देश्य से घर में रखा हुआ था।
केमिस्ट्री शिक्षक होने के कारण बढ़ा शक
सूत्रों के अनुसार, शिक्षक मनोज पेशे से केमिस्ट्री का टीचर है। जानकारी यह भी सामने आई है कि कुछ समय पहले वह राजस्थान के जोधपुर गया था, जहां उसकी मुलाकात गुटखा फैक्ट्री संचालक से हुई थी। इसी मुलाकात के बाद से दोनों के संपर्क में रहने की बात सामने आ रही है। जांच एजेंसियां यह संभावना भी खंगाल रही हैं कि कहीं गुटखा फैक्ट्री में इस्तेमाल हो रहा संदिग्ध केमिकल फॉर्मूला शिक्षक मनोज ने ही उपलब्ध तो नहीं कराया।
खंदौली थाने में जारी पूछताछ
फिलहाल हैदराबाद पुलिस की टीम खंदौली थाने में शिक्षक मनोज से लगातार पूछताछ कर रही है। स्थानीय पुलिस भी पूरी कार्रवाई में सहयोग कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
दिव्यांग शिक्षक के अचानक हिरासत में लिए जाने से नगला मट्टू गांव में हलचल मच गई है। ग्रामीणों के अनुसार मनोज पढ़ा-लिखा व्यक्ति है और लंबे समय से अध्यापन कार्य से जुड़ा हुआ है। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के बाद लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। हालांकि हकीकत पुलिस की जानकारी के बाद ही सामने आ पाएगी।