108 कलशों की शोभायात्रा से गूंजा कमला नगर, राधा माधव रसामृत कथा में सुनाया गया वृंदावन महात्म्य

आगरा। विश्व मंगल परिवार सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय श्री राधा माधव रसामृत कथा का शुभारंभ मंगलवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, कमला नगर से निकली शोभायात्रा में पीत वस्त्र धारण किए 108 महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश रखकर श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा बिखेरी। भजन-कीर्तन, राधे-राधे के जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच निकली इस भव्य यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा में शामिल होकर धर्म और संस्कृति के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

Jun 16, 2026 - 21:25
 0
108 कलशों की शोभायात्रा से गूंजा कमला नगर, राधा माधव रसामृत कथा में सुनाया गया वृंदावन महात्म्य
कमला नगर में मंगलवार को निकली कलश यात्रा की एक झलक।

सायंकाल कथा के प्रथम दिवस पर कथा व्यास पूज्य देवी माहेश्वरी श्रीजी (वृंदावन धाम) ने वृंदावन महात्म्य का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि वृंदावन केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि स्वयं भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलास्थली है। यहां की रज का स्पर्श भी मनुष्य के जीवन को धन्य बना देता है। उन्होंने कहा कि राधा-कृष्ण की कृपा प्राप्त करने का सबसे सरल और श्रेष्ठ मार्ग निष्काम भक्ति है। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर श्रीराधे-श्याम के जयघोष करते रहे।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान पदमचंद अग्रवाल एवं रेखा अग्रवाल रहे। वहीं दैनिक यजमान के रूप में सतीश देव त्यागी-गीता त्यागी तथा गौरव पोद्दार-संगीता पोद्दार ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर कथा का शुभारंभ कराया।

विश्व मंगल परिवार सेवा संस्थान के अध्यक्ष उमेश कंसल, मंत्री अनिल अग्रवाल, मुख्य संरक्षक मुरारी प्रसाद अग्रवाल एवं अजय गोयल, कोषाध्यक्ष कालीचरण गोयल, विशिष्ट सहयोगी वीरेंद्र अग्रवाल (ब्रज क्षेत्र कोषाध्यक्ष), मुख्य संयोजक अजय गोयल, कॉर्डिनेटर मुकेश चंद गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लालता प्रसाद सारस्वत तथा संयोजक मुकेश नेचुरल एवं किशोर तिवारी ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा आयोजन की सफलता में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रतिभा जिंदल ने किया। इस अवसर पर मीरा अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, विमलेश सारस्वत, अनीता नेचुरल, वीना अग्रवाल, कोरल अग्रवाल, प्रीत राज, कंचन, रेनू गुप्ता, मीना, रेखा गुप्ता, चारु, सुषमा, नीलम, साधना, सोनिया, मारुति, प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor