राहुल गांधी से शादी को लेकर फर्जी पोस्ट पर भड़कीं कंगना, कहा- इस पोस्ट को वह मजाक की तरह नहीं लेंगी
कंगना रनौत ने खुद को लेकर उस पोस्ट पर रिएक्ट किया है, जिसमें राहुल गांधी के साथ शादी की खबर पर उन्होंने अपनी बात रखी है। उन्होंने इस अपमानजनक पोस्ट की आलोचना कड़े शब्दों में की है।
नई दिल्ली। कंगना रनौत एक बार फिर से अपनी शादी की खबरों को लेकर चर्चा में हैं। वो भी किसी और से नहीं बल्कि राहुल गांधी से। इससे पहले कि ये सुनकर आप हैरान हों, यहां बता दें कि कंगना ने इन खबरों पर खुद हैरानी जताई है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर उनकी नजर पड़ी, जिसमें उन्हें लेकर राहुल गांधी से शादी की बात कही गई है। अब कंगना रनौत ने इसी उड़ती-उड़ती खबर पर चुप्पी तोड़ी है। गौरतलब है कि हाल ही में चिराग पासवान के साथ अपने अफेयर की अफवाहों पर भी उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जानेवालीं कंगना अपने खिलाफ अपमानजनक पोस्ट की आलोचना कड़े शब्दों में की है। उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कहा है कि इस तरह के कॉमेंट को वो मजाक की तरह नहीं लेंगी।
राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने के बाद से सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं खूब हो रही हैं। इन सबके बीच एक एक मीम पेज ने कंगना रनौत के फर्जी कॉमेंट वाला एक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में लिखा गया है, 'अगर राहुल गांधी बीजेपी में शामिल होंगे तो मैं उनसे शादी करने के लिए तैयार हूं।' अब इस पोस्ट पर कंगना ने जमकर नाराजगी दिखाई है।
उन्होंने इस मीम को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दोबारा शेयर किया है। इसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा है, 'यह फर्जी खबर कितनी घटिया है। राजनीति में भी महिलाओं के लिए कोई सम्मान नहीं है। इस फर्जी खबर को फैलाने वालों पर शर्म आती है।' कंगना के इस जवाब से साफ लग रहा है कि पोस्ट देखकर उनके खून किस तरह से खौला है।