कानपुर का 50 हजार का इनामी आगरा से गिरफ्तार, सांसी गैंग का बड़ा नेटवर्क एसटीएफ ने तोड़ा

आगरा एसटीएफ यूनिट ने थाना सदर क्षेत्र से 50 हजार के इनामी बदमाश सुरेन्द्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी सांसी गैंग का सक्रिय सदस्य है और ट्रेन यात्रियों से चोरी व लूट की वारदातों में शामिल था। वह कानपुर जीआरपी के कई मामलों में वांछित चल रहा था तथा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत लेकर फरार था।

May 21, 2026 - 19:03
 0
कानपुर का 50 हजार का इनामी आगरा से गिरफ्तार, सांसी गैंग का बड़ा नेटवर्क एसटीएफ ने तोड़ा
पुलिस की गिरफ्त में सांसी गैंग का सदस्य सुरेन्द्र।

आगरा। आगरा में एसटीएफ यूनिट को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ट्रेन यात्रियों के सामान चोरी और लूट की वारदातों में सक्रिय 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश सुरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सांसी गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जिसका नेटवर्क उत्तर प्रदेश समेत हरियाणा, पंजाब और दिल्ली तक फैला हुआ था।

एसटीएफ आगरा यूनिट ने थाना सदर क्षेत्र स्थित सीओडी ग्राउंड के पास से आरोपी को दबोचा। सुरेन्द्र लंबे समय से कानपुर नगर में दर्ज मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ जीआरपी कानपुर में चोरी, लूट और अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर अदालत से जमानत हासिल की थी और इसके बाद लगातार फरार चल रहा था। एसटीएफ को उसकी काफी समय से तलाश थी। मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार सुरेन्द्र और उसका गैंग खासतौर पर ट्रेन यात्रियों को निशाना बनाता था। सफर के दौरान यात्रियों के बैग, मोबाइल, नकदी और कीमती सामान चोरी करने के साथ विरोध करने पर लूट की वारदात को भी अंजाम देते थे। गैंग के सदस्य अलग-अलग राज्यों में सक्रिय होकर वारदातों को अंजाम देते थे, जिससे पुलिस के लिए उन्हें पकड़ना चुनौती बना हुआ था।

एसटीएफ अब आरोपी से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, नेटवर्क और हाल के मामलों की जानकारी जुटा रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।