शमसाबाद में कंस मेलाः डोले से झांकियों, ढोल-नगाड़ों और राधा-कृष्ण की जोड़ी के नृत्य ने मन मोहा, गलियों से कंस टीला तक दिखा जनउत्साह
आगरा। नगर शमसाबाद में प्राचीन हिंदू मेला कमेटी के बैनर तले आयोजित विशाल कंस मेले ने इस बार भी आस्था, परंपरा और जनउत्साह का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। तमाम झांकियों, ढोल-नगाड़ों और राधा-कृष्ण की मनोहारी जोड़ियों के नृत्य के साथ निकले डोले ने पूरे नगर को उत्सवमय कर दिया। गलियों और बाजारों से गुजरते हुए जब शोभायात्रा कंस टीला पहुंची तो रास्ते भर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही और लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
कंस मेले का विधिवत शुभारंभ गौ सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, सोनू शर्मा (हाट वाले), भाजपा के जिला महामंत्री संजय चौहान, भाजपा नेता नितिन वर्मा तथा मेला कमेटी के संस्थापक आशीष आर्य ने संयुक्त रूप से किया। शुभारंभ के साथ ही ढोल-नगाड़ों की गूंज और झांकियों की भव्यता ने पूरे नगर को उत्सव के रंग में रंग दिया।
झांकियों और नृत्य से झूम उठी जनता
मेले की शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण, राधा, ग्वाल-बाल और विभिन्न पौराणिक प्रसंगों की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। राधा-कृष्ण की सजी हुई जोड़ियां जब संगीत की धुन पर नृत्य करती हुई आगे बढ़ीं तो दर्शकों की भीड़ आनंदित हो उठी। रास्ते भर श्रद्धालु डोले के साथ-साथ चलते रहे और पूरे वातावरण में भक्ति व उल्लास की अनोखी छटा देखने को मिली।
वर्षों पुरानी परंपरा का गौरव
कंस टीला पहुंचने के बाद संस्थापक आशीष आर्य ने कहा कि यह मेला वर्षों से शमसाबाद की पहचान बना हुआ है। इसकी भव्यता और जनसहभागिता हर वर्ष यह साबित करती है कि हमारी परंपराएं आज भी उतनी ही जीवंत हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक उत्सव नहीं बल्कि सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का माध्यम भी है।
मातृशक्ति प्रमुख रीना सिंह ने की सराहना
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अखिल भारतीय मातृशक्ति प्रमुख तथा पूर्व कप्तान कॉर्फ बॉल रीना सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि कंस मेले का उत्सव वास्तव में देखने योग्य था। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखते हैं और समाज को अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं। समय-समय पर इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन होते रहने चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में मेला कमेटी के संस्थापक आशीष आर्य ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और सहभागिता से ही यह मेला हर वर्ष नई भव्यता के साथ आयोजित हो पाता है।