कायस्थ महासभा 7235 की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, डॉ. विशाल सक्सेना बने जिला अध्यक्ष
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 7235 की आगरा बैठक में संगठन विस्तार और समाज की राजनीतिक-सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक में डॉ. विशाल सक्सेना को आगरा जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई। पदाधिकारियों ने ब्रज क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और समाज को एकजुट करने का संकल्प लिया।
आगरा। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा 7235 की आगरा जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय सचिव उपेन्द्र श्रीवास्तव के शास्त्रीपुरम स्थित आवास पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपेन्द्र श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन राजीव श्रीवास्तव ने किया।
बैठक में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक सक्सेना ने कहा कि कायस्थ समाज आज देशभर में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से राजनीति और व्यापार के क्षेत्र में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। दीपक सक्सेना ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश कुमार श्रीवास्तव और राष्ट्रीय महासचिव राजेश श्रीवास्तव बच्चा भईया एडवोकेट के नेतृत्व में संगठन तेजी से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि संगठन में सदस्यता के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता, क्योंकि “कायस्थ को कायस्थ से जोड़ने के लिए शुल्क की आवश्यकता नहीं है।”
बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद श्रीवास्तव दीनू द्वारा डॉ. विशाल सक्सेना को आगरा जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव उपेन्द्र श्रीवास्तव, डॉ. विशाल सक्सेना और मुख्य अतिथि दीपक सक्सेना का सम्मान किया गया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष डॉ. विशाल सक्सेना ने कहा कि जल्द ही आगरा में एक मजबूत संगठन तैयार किया जाएगा और कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान दिया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पश्चिम बंगाल में होने वाली राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में आगरा से प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस दौरान नवीन कुलश्रेष्ठ, बृजेश जार, एडवोकेट वेद प्रकाश सक्सेना, संचित कुलश्रेष्ठ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।