केरल के कांग्रेस विधायक दल की बैठक कल, सीएम के नाम पर लगेगी मुहर
बुधवार को कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान गुरुवार को कर दिया जाएगा।
तिरुवनंतपुरम। केरल के तिरुवनंतपुरम में कल यानी गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल की सुबह 11 बजे बैठक होगी। इसमें केरल के नए मुख्यमंत्री पर फैसला किया जाएगा। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से सीएम का नाम जाएगा, क्योंकि पहले ही विधायकों ने रिजॉल्यूशन पास करके विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार कांग्रेस प्रेसिडेंट को दे दिया है।
इस मुद्दे पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार मंथन किया गया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को संकेत दिया कि मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा गुरुवार को कर दी जाएगी। इससे पहले, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने केरल के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अंतिम दौर की चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच ‘10 राजाजी मार्ग’ स्थित आवास पर आधे घंटे से अधिक समय तक बैठक हुई, जिसमें संभावित नामों पर विचार-विमर्श किया गया।
संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार हैं।
गौरतलब है कि 7 मई को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी आलाकमान को नेता चुनने का अधिकार दे दिया गया था। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने 140 में से 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनने में देरी हो रही है।
केरल में मुख्यमंत्री पद की घोषणा को लेकर जारी इंतज़ार के बीच इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने साफ कर दिया है कि वह कांग्रेस के अंतिम फैसले के बाद ही अपना रुख तय करेगी। कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा की प्रमुख सहयोगी पार्टी मुस्लिम लीग ने इस मुद्दे पर बुधवार को एक अहम बैठक की।
यह बैठक पार्टी के प्रमुख सादिक अली शिहाब थंगल के पनक्कड़ स्थित आवास पर आयोजित हुई। बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी ने बताया कि मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी भी निर्णय के लिए पार्टी नेतृत्व ने थंगल को अधिकृत किया है।