खाटू श्यामजी ग्लोबल सोसाइटी का सेवा संकल्प: 62 यूनिट रक्तदान, 100 से अधिक लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
आगरा। समाजसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए खाटू श्यामजी ग्लोबल सोसाइटी ने रविवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर परिसर में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 62 यूनिट रक्तदान किया, जबकि 100 से अधिक लोगों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर के समापन पर रक्तदाताओं और चिकित्सकों को सम्मानित कर समाजसेवा के प्रति उनके योगदान का अभिनंदन किया गया।
समिति के अध्यक्ष रजत सिंघल ने बताया कि संस्था द्वारा आयोजित यह पहला सेवा शिविर था। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा और जनहित के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
समिति के सचिव उमंग अग्रवाल एवं यश सिंघल ने बताया कि शिविर में बाल रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, दंत रोग, फिजिशियन, नेत्र रोग, नाक-कान-गला, फिजियोथैरेपी तथा सर्जरी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण किया। डॉ. विकास मित्तल एवं डॉ. रचना अग्रवाल के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण कर मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों एवं चिकित्सा दल के सदस्यों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं 62 यूनिट रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को उपहार भेंट कर उनके मानवीय योगदान का सम्मान किया गया और भविष्य में भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर की व्यवस्थाओं में कार्तिक अग्रवाल, मोहक अग्रवाल, यश हेमेंद्र अग्रवाल, श्रेयांश अग्रवाल, श्रेया अग्रवाल, ऋतिक अग्रवाल, केशव मित्तल, सार्थक अग्रवाल, दिव्यांशु अग्रवाल, प्रद्युम्न गर्ग, अर्जुन अग्रवाल एवं प्रांजल मित्तल ने सक्रिय भूमिका निभाई।