आगरा के खेड़ा राठौर क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॊली पर बैठा किशोरवय श्रमिक नीचे आ गिरा, पहिए से कुचलकर दर्दनाक मौत

-नीरज परिहार- बाह (आगरा)। आगरा के खेड़ा राठौर थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बाल मजदूरी और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ईंट भराई और ट्रैक्टर-ट्रॉली से ईंट उतारने का काम करने वाला 15 वर्षीय किशोर अनुज ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आकर मौके पर ही दम तोड़ बैठा।

May 25, 2026 - 19:46
 0
आगरा के खेड़ा राठौर क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॊली पर बैठा किशोरवय श्रमिक नीचे आ गिरा, पहिए से कुचलकर दर्दनाक मौत
दुर्घटनास्थल पर मृतक अनुज का शव, जिसे कपड़े से ढंक दिया गया है।  

मृतक अनुज, बाह क्षेत्र के कैंजरा रोड निवासी सोनू प्रजापति का पुत्र था। बताया जा रहा है कि कम उम्र में ही परिवार की आर्थिक स्थिति संभालने के लिए वह मजदूरी करने लगा था और ईंटों के काम में लगा हुआ था।

हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटों की पूरी खेप भरी हुई थी। भट्ठे से ट्रॊली में ईंटें भरने के बाद किशोर श्रमिक अनुज ट्रैक्टर ट्राली पर बैठकर ईंटे उतारने के लिए जा रहा था। थाना क्षेत्र खेड़ा राठौर के अंतर्गत गांव सांभर मऊ के पास अचानक अनुज ट्रैक्टर से ऩीचे आ गिरा और ट्रॊली के पहिए के नीचे आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। आशंका जताई जा रही है कि सड़क पर मौजूद स्पीड ब्रेकर या गड्ढे के कारण झटका लगा और किशोर नीचे गिर पड़ा। गिरते ही वह ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। कम उम्र में बेटे की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने भी घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सुरक्षा नियम सख्ती से लागू करने की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor