आगरा के पिढौरा क्षेत्र में शादी के तीन माह बाद ही उजड़ गई खुशबू की जिंदगी, आरोप- दहेज की मांग ने ली नवविवाहिता की जान, शव लेकर भाग रहे ससुरालीजन रास्ते में पकड़े गए

-नीरज परिहार- पिनाहट (आगरा)। पिढौरा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर चंद्र सैनी में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। विवाहिता के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।

May 25, 2026 - 12:09
May 25, 2026 - 12:13
 0
आगरा के पिढौरा क्षेत्र में शादी के तीन माह बाद ही उजड़ गई खुशबू की जिंदगी, आरोप- दहेज की मांग ने ली नवविवाहिता की जान, शव लेकर भाग रहे ससुरालीजन रास्ते में पकड़े गए
खुशबू का शव, जिसकी शादी के तीन बाद ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार पिनाहट क्षेत्र के गांव टुबेलपुरा निवासी खुशबू की शादी 20 फरवरी 2026 को थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव रामपुर चंद्र सैनी निवासी आकाश के साथ हुई थी। मृतका के पिता पृथ्वी सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष द्वारा लगातार एक बुलेट मोटरसाइकिल और तीन लाख रुपये की मांग की जा रही थी।

पिता पृथ्वी सिंह का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर खुशबू के साथ मारपीट और झगड़ा किया जाता था। आरोप है कि पति आकाश, सास दाखश्री, ससुर नत्थीलाल, जेठ नीरज और जिठानी पिंकी ने मिलकर खुशबू की हत्या कर दी।

परिजनों के अनुसार घटना के बाद ससुरालीजन खुशबू के शव को इको गाड़ी में लेकर फतेहाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने मायके पक्ष को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही परिजनों ने अरनोटा के पास गाड़ी को पकड़ लिया। आरोप है कि मौके पर सास और ससुर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए, जबकि अन्य लोगों को लेकर हंगामा खड़ा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

थाना पिढौरा पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतका के पिता पृथ्वी सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

SP_Singh AURGURU Editor