आगरा में बनेगा किसान भवनः भाकियू के मंडल अध्यक्ष रणवीर चाहर ने दक्षिणी बाईपास पर गांव बाद में दिया प्लॊट, टिकैत ट्रस्ट के नाम हुई रजिस्ट्री; भवन के लिए एडवोकेट शैलराज सिंह ने दिए दो लाख लाख, गौरव टिकैत रहे मौजूद

आगरा। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की विचारधारा को आगे बढ़ाने और किसानों के लिए स्थायी संगठनात्मक ढांचा तैयार करने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह चाहर ने अपने द्वारा पूर्व में किए गए वादे को पूरा करते हुए अपनी कृषि भूमि का एक हिस्सा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत किसान ट्रस्ट के नाम दान कर दिया। सदर तहसील, आगरा में भूमि की रजिस्ट्री की प्रक्रिया भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय नेता चौधरी गौरव सिंह टिकैत की उपस्थिति में संपन्न हुई।

Jun 10, 2026 - 19:33
 0
आगरा में बनेगा किसान भवनः भाकियू के मंडल अध्यक्ष रणवीर चाहर ने दक्षिणी बाईपास पर गांव बाद में दिया प्लॊट, टिकैत ट्रस्ट के नाम हुई रजिस्ट्री; भवन के लिए एडवोकेट शैलराज सिंह ने दिए दो लाख लाख, गौरव टिकैत रहे मौजूद
सदर तहसील में किसान भवन के लिए रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराते किसान नेता।

किसान भवन के लिए गौरव टिकैट को एक लाख रुपये का चेक प्रदान करते कुं. शैलराज सिंह एडवोकेट। 

रजिस्ट्री प्रक्रिया के बाद रणवीर सिंह चाहर ने कहा कि किसानों के सम्मान और संगठन की मजबूती के लिए जो संकल्प लिया था, वह आज पूरा हुआ है। बाबा टिकैत के आशीर्वाद से किसान हितों के लिए समर्पित भवन के निर्माण हेतु अपनी कृषि भूमि का हिस्सा ट्रस्ट के नाम किया गया है। उन्होंने कहा कि यह भूमि किसानों के संगठन, संघर्ष और अधिकारों की आवाज को और मजबूत करने का कार्य करेगी।

सदर तहसील में आयोजित रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह लवानिया, सत्यवीर सिंह चाहर तथा बड़ी संख्या में किसान साथी साक्षी के रूप में मौजूद रहे। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एआईजी निबंधन द्वारा रजिस्ट्री संबंधी दस्तावेज गौरव सिंह टिकैत को सौंपे गए।

जानकारी के अनुसार यह भूमि ग्वालियर रोड के निकट दक्षिणी बाईपास पर स्थित गांव बाद में स्थित है। भविष्य में इसी स्थान पर भारतीय किसान यूनियन का किसान भवन बनाया जाएगा, जो किसान आंदोलन, बैठकों और संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान किसान भवन निर्माण के लिए समाज के विभिन्न वर्गों ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया। वरिष्ठ अधिवक्ता कुंवर शैलराज सिंह ने किसान भवन निर्माण हेतु दो लाख रुपये के सहयोग की घोषणा की। एक लाख रुपये का चेक तत्काल प्रदान किया। एक लाख रुपये भवन निर्माण के दौरान दिए जाएंगे। उनके इस योगदान की किसान नेताओं और उपस्थित किसानों ने सराहना की।

भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने कहा कि किसान भवन का निर्माण किसानों के संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम साबित होगा। इससे किसानों को एक स्थायी मंच मिलेगा, जहां उनकी समस्याओं, अधिकारों और हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा सकेगा।

इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के संघर्षों और किसान हितों के लिए किए गए योगदान को याद करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

SP_Singh AURGURU Editor