यमुनापार में दो दिन से फटी पाइपलाइन से लाखों लीटर पेयजल बर्बाद; जलकल विभाग के घेराव की चेतावनी
आगरा। यमुनापार क्षेत्र में यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर हनुमान मंदिर के सामने पेयजल की पाइपलाइन दो दिन से फटी पड़ी है। सड़क पर लगातार पानी बहने से लाखों लीटर पानी बर्बाद होने का दावा किया गया है, जबकि शहर में पेयजल की किल्लत बनी हुई है।
सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप पाठक के अनुसार, उन्होंने और क्षेत्रीय निवासियों ने कई बार समस्या की जानकारी दी। इसके बाद वार्ड 67 की पार्षद प्रियंका अग्रवाल के पति सोमवार शाम करीब 5:30 बजे मौके पर पहुंचे। उनके साथ जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) भी मौजूद थे। उस समय आश्वासन दिया गया था कि पाइपलाइन की मरम्मत अगले दिन करा दी जाएगी, लेकिन मंगलवार शाम सात बजे तक भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
दशहरे की छुट्टी का दिया हवाला
दिलीप पाठक ने बताया कि मंगलवार को पार्षद के पति से दोबारा बात करने पर उन्होंने दशहरे का हवाला देते हुए कहा कि मजदूर अपने औजारों का पूजन करते हैं, ऐसे में वे काम पर कैसे आ सकते हैं। पाठक ने सवाल उठाया कि यदि त्योहार के कारण जरूरी मरम्मत का काम भी नहीं होगा तो शहर की पेयजल व्यवस्था कैसे सुधरेगी।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक स्थान की समस्या नहीं है। शहर के दूसरे हिस्सों में भी इस तरह की समस्याएं हो सकती हैं। एक ओर लोग पीने के पानी की किल्लत से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर पाइपलाइन फटी रहने से बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह रहा है।
जलकल अधिकारियों और विधायक से कार्रवाई की मांग
दिलीप पाठक ने आरोप लगाया कि शहर की व्यवस्थाओं पर अधिकारियों और नौकरशाही का नियंत्रण नहीं रह गया है तथा जनप्रतिनिधियों के स्तर पर भी शिकायतों का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों और क्षेत्रीय विधायक धर्मपाल से मांग की कि पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराकर पानी की बर्बादी रोकी जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो अगले दिन जलकल विभाग का घेराव किया जाएगा।