ताजनगरी में ‘लीजेंड्स’ का जलवा: मीडिया-विज्ञापन के दिग्गजों को ‘हॉल ऑफ फेम’ सम्मान, अनुभव को बताया असली ताकत

आगरा। ताजनगरी के मीडिया, विज्ञापन और मार्केटिंग जगत की प्रतिष्ठित संस्था ‘लीजेंड्स क्लब’ का वार्षिक मिलन समारोह सौहार्दपूर्ण और गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ, जहां वर्षों तक उद्योग को दिशा देने वाले वरिष्ठ पेशेवरों को ‘हॉल ऑफ फेम सम्मान’ से नवाजा गया। कार्यक्रम ने अनुभव, एकजुटता और पेशेवर विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त संदेश दिया।

Apr 19, 2026 - 21:11
 0
ताजनगरी में ‘लीजेंड्स’ का जलवा: मीडिया-विज्ञापन के दिग्गजों को ‘हॉल ऑफ फेम’ सम्मान, अनुभव को बताया असली ताकत
लीजेंड्स क्लब के रविवार को हुए वार्षिक मिलन समारोह में मौजूद उद्योगपति पूरन डावर, शिंभू मेहरा, पीपी सिंह, मधुसूदन भट्ट और अन्य।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी पूरन डावर ने सम्मानित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी उद्योग की असली पूंजी उसके अनुभवी लोग होते हैं। उन्होंने कहा कि इन दिग्गजों ने बदलते तकनीकी दौर में भी प्रिंट मीडिया और विज्ञापन जगत की विश्वसनीयता को बनाए रखा, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

समारोह का संचालन वरिष्ठ पत्रकार एवं क्लब के सदस्य पीपी सिंह ने प्रभावशाली अंदाज में किया। उन्होंने क्लब के इतिहास, आपसी समन्वय और संगठन की मजबूती को रेखांकित करते हुए कहा कि यह मंच केवल नेटवर्किंग नहीं, बल्कि अनुभवों के आदान-प्रदान और मार्गदर्शन का भी केंद्र है। इस दौरान सम्मानित सदस्यों ने अपने करियर के संघर्ष और उपलब्धियों को साझा किया, जो युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक साबित हुए।

कार्यक्रम में क्लब के संरक्षक शिंभू मेहरा, दिवाकर शर्मा, आलोक द्विवेदी, समीर गौर, मधुसूदन भट्ट, मनीष शर्मा, मयंक अग्रवाल, अमरीश नाथ, पीके अग्रवाल सहित विज्ञापन और मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। सभी ने क्लब की एकजुटता को बनाए रखने और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक स्तर पर करने का संकल्प व्यक्त किया।

यह आयोजन मीडिया और विज्ञापन उद्योग की मजबूत परंपरा और अनुभव की विरासत को आगे बढ़ाने का एक प्रभावी प्रयास साबित हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor