आगरा की किरावली तहसील परिसर में लेखपाल ने फरियादी को पीट दिया, वीडियो वायरल

आगरा। किरावली तहसील परिसर में एक फरियादी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीटने वाला लेखपाल बताया जा रहा है। मामले के सामने आने के बाद पीड़ित ने तहसील प्रशासन से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

Jun 22, 2026 - 19:45
 0
आगरा की किरावली तहसील परिसर में लेखपाल ने फरियादी को पीट दिया, वीडियो वायरल
वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर, जिसमें लेखपाल द्वारा की गई मारपीट के बाद जमीन पर गिरा फरियादी।

रायभा निवासी मनोज सिंह ने लेखपाल संघ अध्यक्ष वीरपाल सिंह पर खेत की पैमाइश कराने के नाम पर रुपये लेने के बावजूद काम न करने तथा विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि वह लंबे समय से अपने खेत की पैमाइश कराने के लिए लेखपाल के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि पैमाइश के नाम पर उससे धनराशि भी ली गई, लेकिन इसके बावजूद कार्य नहीं किया गया।

सोमवार दोपहर मनोज सिंह अपने प्रकरण की प्रगति जानने के लिए किरावली तहसील पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान लेखपाल वीरपाल सिंह उनसे नाराज हो गए। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद लेखपाल ने उन्हें गिराकर लात-घूंसों से मारपीट की। इस मारपीट में उनके हाथ में चोट आई।

घटना को लेकर तहसील परिसर में काफी देर तक चर्चा होती रही। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीड़ित मनोज सिंह ने तहसीलदार को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराते हुए आरोपित लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।