आगरा के बाह क्षेत्र में कहर बनकर गिरी आसमानी बिजली: खेत में खड़े युवक की दर्दनाक मौत, नीम का पेड़ भी फट गया, परिवार में मातम

आगरा। जनपद के थाना बाह क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह अचानक बदले मौसम ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज हवा और बारिश के बीच गिरी आकाशीय बिजली ने खेत पर खड़े 35 वर्षीय युवक की जान ले ली। आकाशीय बिजली की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नीम का एक पेड़ भी फट गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

Apr 30, 2026 - 12:12
 0
आगरा के बाह क्षेत्र में कहर बनकर गिरी आसमानी बिजली: खेत में खड़े युवक की दर्दनाक मौत, नीम का पेड़ भी फट गया, परिवार में मातम
बाह क्षेत्र के राजारामपुरा गांव में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से मृत महेश कुमार का शव।

नीम के इस पेड़ को देखकर आकाशीय बिजली की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मिली जानकारी के अनुसार थाना बाह क्षेत्र के गांव राजारामपुरा के पास निवासी महेश कुमार पुत्र रामस्वरूप (निवासी धोबई) सुबह अपने खेत पर मौजूद था। इसी दौरान मौसम अचानक बिगड़ा और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। महेश खेत में खड़े नीम के पेड़ के पास खड़ा था, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी और उसकी चपेट में आकर महेश गंभीर रूप से झुलस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली गिरने की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नीम का पेड़ बीच से फट गया। महेश कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची थाना बाह पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और राजस्व विभाग की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम नजर आ रही है।

SP_Singh AURGURU Editor