लायंस क्लब आगरा प्रयास ने 100 पौधे लगाए, बर्ड फीडर बांटकर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश
आगरा। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने और पक्षियों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से लायंस क्लब आगरा प्रयास ने नए सत्र की अपनी पहली सेवा गतिविधि के तहत सोमवार को पालीवाल पार्क में 100 बोगनविलिया के पौधों का रोपण किया। विशेष बात यह रही कि वृक्षारोपण के साथ क्लब ने पक्षियों के लिए दाना-पात्र (बर्ड फीडर) भी वितरित किए, ताकि शहर में हरियाली के साथ जैव विविधता के संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचे।
लगातार हो रही वर्षा के बावजूद सदस्यों का उत्साह देखते ही बना। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. सीमा प्रताप सिंह, कमिश्नर आगरा की धर्मपत्नी, ने पौधारोपण कर किया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे और पक्षियों सहित अन्य जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बने, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण मिल सकेगा।
क्लब की पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बोगनविलिया पौधों की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह पौधा कम पानी में भी आसानी से विकसित हो जाता है और वर्षभर अपने रंग-बिरंगे फूलों से वातावरण को आकर्षक बनाए रखता है।
क्लब की अध्यक्ष गीतिका अग्रवाल ने कहा कि लायंस क्लब आगरा प्रयास समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने, उनकी सुरक्षा करने और पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब द्वारा पक्षियों के लिए विशेष दाना-पात्र (बर्ड फीडर) भी वितरित किए गए। इस सेवा अभियान में क्लब के संस्थापक अध्यक्ष संजीव मित्तल, पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल तथा संस्थापक सचिव विनीत खेरा का विशेष मार्गदर्शन रहा।
कार्यक्रम में सचिव आलोक अग्रवाल, रुचि बगला, रूपाली अग्रवाल, पुनीत बगला, गरिमा हेमदेव, राजेश हेमदेव, गरिमा मंगल, शालू अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, नंदिनी अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, शिवांगी अग्रवाल, अंजलि अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, रुचि अग्रवाल, रवि अग्रवाल, रीना गर्ग, पंकज गर्ग, संदीप पाटनी, मनीष बंसल, निधि लाल, डॉ. रचना अग्रवाल, मीनाक्षी मोहन, शीनू कोहली, संजीव चंद्र, पद्मिनी सुराना, अल्पना कोचर, तनुजा मंगलिक तथा ईको क्लब के प्रदीप खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।