गौ सेवा से लायंस क्लब फ्लेमिंगो के नए सत्र का शुभारंभ, छप्पन भोग अर्पित कर समाज सेवा का लिया संकल्प
आगरा। लायंस क्लब फ्लेमिंगो ने नए सत्र 2026-27 की शुरुआत सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण के साथ की। वॉटरवर्क्स स्थित अतिथिवन गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में गौ माता की पूजा-अर्चना, छप्पन भोग अर्पित कर गौ सेवा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में क्लब पदाधिकारियों और सदस्याओं ने समाजहित के विभिन्न क्षेत्रों में पूरे वर्ष सेवा कार्यों को गति देने का संकल्प दोहराया।
गौशाला में पूजा-अर्चना के साथ हुआ नए सत्र का शुभारंभ
गुरुवार को वॉटरवर्क्स स्थित अतिथिवन गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में लायंस क्लब फ्लेमिंगो की ओर से गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सभी सदस्याओं ने गौ माता को साड़ी ओढ़ाकर आरती उतारी और छप्पन भोग अर्पित कर नए सत्र 2026-27 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, गौ संरक्षण और समाज सेवा के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा।
समाज सेवा ही लायंस क्लब की पहचान : अजय भार्गव
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव ने कहा कि लायंस क्लब का मूल उद्देश्य समाज सेवा है। प्रत्येक सदस्य को निस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने नए सत्र के लिए क्लब को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े अधिकाधिक सेवा कार्य करने का आह्वान किया।
पूरे वर्ष चलेंगे सेवा और जनकल्याण के अभियान
क्लब अध्यक्ष गीतिका गर्ग ने बताया कि नए सत्र में गौ सेवा के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा अन्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम पूरे वर्ष आयोजित किए जाएंगे। क्लब का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा गतिविधियों का लाभ पहुंचाना और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रभावी निर्वहन करना है।
कार्यक्रम में अल्पना भार्गव, रीजनपर्सन रितु गोयल, सचिव अदिति अग्रवाल, कोषाध्यक्ष तान्या अग्रवाल, मेघा कंसल, समीक्षा, मान्या, दीपा, बुलबुल, प्राची, सौम्या, इशा, दीक्षा, महिमा, शुभी, रिंपी, स्तुति सहित क्लब की अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं।