लायंस क्लब के गवर्नर इलेक्ट डॉ. आर.एन. वर्मा का स्वागत, सेवा कार्यों को नई दिशा देने का ऐलान
आगरा। सेवा, संगठन और सामाजिक सरोकारों को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से लायंस क्लब आगरा आकाश द्वारा रविवार को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में डिस्ट्रिक्ट 321 सी-2 के गवर्नर इलेक्ट लायन डॉ. आर.एन. वर्मा का गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया। समारोह में सामाजिक सेवा के स्थायी प्रकल्पों, विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए एक परमानेंट हेल्थ प्रोजेक्ट स्थापित करने पर गंभीरता से चर्चा हुई। गवर्नर इलेक्ट ने कार्यभार संभालते ही इस विषय पर सभी क्लबों की बैठक बुलाने और व्यापक सहमति के साथ योजना को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उर्वरक व्यवसायी मुकेश अग्रवाल मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ गवर्नर इलेक्ट डॉ. आर.एन. वर्मा के माल्यार्पण एवं पटका पहनाकर स्वागत के साथ हुआ। क्लब अध्यक्ष इलेक्ट मुकेश गोयल ने अतिथियों का परिचय कराया और क्लब की गतिविधियों की जानकारी दी।
नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष एवं लायंस क्लब आगरा आकाश के चार्टर सदस्य मनीष अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की वास्तविक सेवा तभी सार्थक होगी, जब गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ती एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने आग्रह किया कि डॉ. वर्मा के नेतृत्व में इस वर्ष एक स्थायी हेल्थ प्रोजेक्ट शुरू किया जाए, जिससे लंबे समय तक आमजन को लाभ मिल सके।
लायन मनोज कुमार गुप्ता ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि लायंस क्लब इस महत्वाकांक्षी प्रकल्प में तन, मन और धन से पूरा सहयोग देगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से यह योजना समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
गवर्नर इलेक्ट डॉ. आर.एन. वर्मा ने कहा कि पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद इस विषय पर सभी क्लबों की बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सेवा प्रकल्प को शुरू करना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक चुनौती उसे वर्षों तक सफलतापूर्वक संचालित करना होता है। इसलिए सभी क्लबों की राय और सहभागिता लेकर ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट 321 सी-2 में वर्तमान समय में 73 लायंस क्लब कार्यरत हैं, जिनमें अकेले आगरा में 31 क्लब सक्रिय हैं। इस वर्ष का प्रमुख लक्ष्य अधिक से अधिक नए क्लबों का गठन करना है। नए क्लब स्थापित करने वालों को वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी ताकि सेवा गतिविधियों का दायरा और व्यापक हो सके।
डॉ. वर्मा ने इस वर्ष के डिस्ट्रिक्ट थीम सर्व विद काइंडनेस की जानकारी देते हुए कहा कि सेवा तभी सार्थक होती है, जब उसमें करुणा, संवेदना और मानवीय भावनाएं शामिल हों। इसी विचार को आधार बनाकर पूरे वर्ष विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व रीजन चेयरपर्सन एमजेएफ लायन मनोज कुमार गुप्ता ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्लब के वर्तमान अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर मुकेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, वर्तमान अध्यक्ष अनिल वार्ष्णेय, नव निर्वाचित अध्यक्ष मुकेश गोयल, सुनील शर्मा, मनोज कुमार गुप्ता, संजीव गुप्ता, सतीश अग्रवाल, संजय अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, राज कुमार खन्ना, संजय गर्ग, मनोज नागा, गौरीशंकर सहित अनेक लायंस सदस्य उपस्थित रहे।