कैंटर में बोरियों के नीचे छिपाकर ले जा रही थी 25 लाख की शराब, ट्रांस यमुना पुलिस ने 325 पेटियां बरामद कीं, आगरा में एक ही दिन में 925 पेटी अवैध शराब बरामद कर ली, पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी
आगरा। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय शराब तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कैंटर से करीब 350 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक कैंटर, दो मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है, जबकि गिरोह के छह अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
आगरा में आज ही के दिन अवैध शराब की यह दूसरी बड़ी बरामदगी है। इससे पहले आज सुबह एत्मादपुर पुलिस ने छलेसर के नजदीक एक ट्रक से अवैध शराब की 600 पेटियां बरामद की थीं। इस प्रकार एक ही दिन में पुलिस ने अवैध शराब की 925 पेटियां बरामद कर ली हैं।
बोरियों के नीचे छिपाकर की जा रही थी तस्करी
एडिशनल डीसीपी अक्षय महाडिक ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक कैंटर में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर तस्कर आगरा से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को कैंटर में ऊपर से बोरियां लदी हुई दिखाई दीं, लेकिन जब बोरियों को हटाकर नीचे देखा गया तो वहां अंग्रेजी शराब और बीयर की 350 पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया और वाहन को कब्जे में ले लिया।
हरियाणा-पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी शराब
पूछताछ में प्रारंभिक जानकारी सामने आई है कि यह अवैध शराब हरियाणा और पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी। बिहार में शराबबंदी के कारण तस्कर बड़ी मात्रा में शराब पहुंचाकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
सुबह एत्मादपुर में पकड़ी गई 600 पेटी शराब से भी खंगाला जा रहा लिंक
एडिशनल डीसीपी अक्षय महाडिक ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आज सुबह एत्मादपुर क्षेत्र में पकड़ी गई 600 पेटी शराब और ट्रांस यमुना क्षेत्र में बरामद 350 पेटी शराब के बीच कोई संबंध तो नहीं है। यदि दोनों मामलों के तार जुड़ते हैं तो यह एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
छह तस्कर फरार, दबिश जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के छह अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ट्रांस यमुना थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद शराब, कैंटर और अन्य सामान को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Top of Form