संस्कारों से सजे नन्हे कदम: अमृतम् के बाल संस्कार शिविर में बच्चों ने सीखे जीवन मूल्यों के पाठ

आगरा में रुनकता स्थित कृष्णा बाल विद्या मंदिर में भारत विकास परिषद् अमृतम् शाखा द्वारा आयोजित बाल संस्कार शिविर के समापन पर प्रतिभागी बच्चों के साथ अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’, सीए विवेक अग्रवाल, आरएस गुप्ता, सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, रेखा अग्रवाल, संचिता बिंदल, महेश गोयल व अन्य।

May 21, 2026 - 19:44
 0
संस्कारों से सजे नन्हे कदम: अमृतम् के बाल संस्कार शिविर में बच्चों ने सीखे जीवन मूल्यों के पाठ

आगरा। भारत विकास परिषद् की ‘अमृतम्’ शाखा द्वारा रुनकता स्थित कृष्णा बाल विद्या मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय बाल संस्कार शिविर का समापन समारोह गुरुवार को उत्साह, उल्लास और संस्कारों की गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। शिविर के अंतिम दिन बच्चों ने देशभक्ति गीत, प्रार्थना, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नैतिक संदेशों से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। समापन के अवसर पर सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पांच दिवसीय इस शिविर में 200 से अधिक बच्चों को नैतिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति, अनुशासन, योग, प्रार्थना, राष्ट्रभक्ति, नृत्य, कला एवं सामाजिक मूल्यों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने खेल-खेल में बच्चों को जीवनोपयोगी शिक्षाएं देकर उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और संस्कारों का विकास करने का प्रयास किया।

शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ ने कहा कि संस्कारवान बालक ही श्रेष्ठ नागरिक बनकर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। बाल्यकाल में दिए गए संस्कार जीवनभर व्यक्ति के व्यक्तित्व को दिशा देते हैं।

समापन समारोह में बच्चों ने समूह गीत, देशभक्ति प्रस्तुतियों और प्रार्थना के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने सराहना की। कार्यक्रम के अंत में शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए।

इस अवसर पर प्रांतीय सचिव सीए विवेक अग्रवाल, अमृतम् संरक्षक आरएस गुप्ता, विजय अग्रवाल, संजीव गुप्ता, दीपक भार्गव, शाखा सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, महिला प्रभारी उपाध्यक्ष रेखा अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक एवं संस्कार उपाध्यक्ष गौरव बिंदल, संचिता बिंदल, महेश गोयल, गुंजन गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor