पुरुषोत्तम माह में हर रोज होगा भगवान श्रीजगन्नाथ जी का बांकुरा श्रंगार, इस्कॉन मंदिर में 17 मई से 15 जून तक मंगला आरती से शयन दर्शन तक चलेंगे भक्तिमय कार्यक्रम

आगरा। भगवान श्रीजगन्नाथ जी के प्रिय पुरुषोत्तम माह को लेकर कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 17 मई से 15 जून तक चलने वाले इस विशेष धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति, कीर्तन, दीपदान और दिव्य उत्सवों से पूरी तरह जगन्नाथमय नजर आएगा। पुरुषोत्तम माह में प्रतिदिन भगवान श्रीजगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलभद्र बलराम जी का विशेष बांकुरा श्रंगार किया जाएगा, जिसमें शंख, चक्र, गदा और रंग-बिरंगे पुष्पों से अलौकिक सजावट की जाएगी।

May 11, 2026 - 18:23
 0
पुरुषोत्तम माह में हर रोज होगा भगवान श्रीजगन्नाथ जी का बांकुरा श्रंगार, इस्कॉन मंदिर में 17 मई से 15 जून तक मंगला आरती से शयन दर्शन तक चलेंगे भक्तिमय कार्यक्रम
पुरुषोत्तम मास में इस्कॊन मंदिर में हर रोज होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों के पोस्टर का विमोचन करते अरविंद प्रभु, नितेश अग्रवाल एवं अन्य।

मंगलवार को कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने भक्तों को पुरुषोत्तम माह में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम माह भगवान जगन्नाथ का अत्यंत प्रिय माह माना जाता है और इस दौरान की गई पूजा-अर्चना, सेवा और कीर्तन का विशेष आध्यात्मिक महत्व होता है।

अरविन्द प्रभु ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन प्रातः 4:30 बजे मंगला आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। इसके बाद पूरे दिन विभिन्न धार्मिक आयोजन, हरिनाम संकीर्तन, कथा, फूल बंगला और दीपदान कार्यक्रम चलते रहेंगे। रात 9:30 बजे भगवान के शयन दर्शन के साथ दैनिक कार्यक्रमों का समापन होगा।

उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम माह में कई विशेष उत्सव भी आयोजित किए जाएंगे। 27 मई को कमल का मनोरथ, 31 मई को नौका विहार, 7 जून को नन्दोत्सव, 11 जून को आम का मनोरथ, 14 जून को गोवर्धन पूजा और 15 जून को नरसिम्हा हवन का आयोजन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।

मंदिर से जुड़े नितेश अग्रवाल ने बताया कि सनातन धर्म में तीन वर्ष बाद आने वाला अधिक मास अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। इस माह में भगवान की सेवा, पूजा और भक्ति सीधे प्रभु को समर्पित होती है। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम माह आत्मिक शुद्धि और भक्ति साधना का विशेष अवसर होता है।

आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में संजीव बंसल, राजेश मल्होत्रा, संजय कुकरैजा, सूरज, ओमप्रकाश अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, शाश्वत नन्दलाल, राज प्रभु, अदिति गौरांगी, देव केशव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor