इश्क का खौफनाक अंजाम: वृंदावन में प्रेमिका की हत्या के बाद युवक ने दी जान, एक ही कमरे में दो लाशों से फैली सनसनी

वृंदावन। थाना क्षेत्र के पानीघाट स्थित दुर्गा परम कॉलोनी में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। किराए के एक कमरे में प्रेमी-प्रेमिका के शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने पहले अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर जान दे दी।

May 2, 2026 - 16:46
 0
इश्क का खौफनाक अंजाम: वृंदावन में प्रेमिका की हत्या के बाद युवक ने दी जान, एक ही कमरे में दो लाशों से फैली सनसनी
राधिका और सुभाष ठाकुर के फाइल फोटो।

अलीगढ़ निवासी अनीता देवी द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। पुलिस ने शवों की पहचान राधिका (28) और सुभाष ठाकुर (30), निवासी छाता के रूप में की।

10 साल से वृंदावन में रह रही थी राधिका, तलाक के बाद बढ़ी थीं नजदीकियां

पुलिस के मुताबिक राधिका पिछले करीब 10 वर्षों से वृंदावन में किराए पर रह रही थी। उसका पहले विवाह हुआ था, लेकिन कुछ समय बाद तलाक हो गया। इसी दौरान उसकी मुलाकात सुभाष ठाकुर से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए।

झगड़ा बना मौत की वजह, पहले हत्या फिर आत्महत्या

शुक्रवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गुस्से में आकर सुभाष ने राधिका का दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, क्षेत्र में दहशत

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। घटना के बाद दुर्गा परम कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं।

SP_Singh AURGURU Editor