पतंग उतारने के बहाने बुलाया, फिर पत्थर मारकर ले ली थी जान, 13 वर्षीय प्रिंस हत्याकांड का खुलासा
आगरा के किरावली थाना क्षेत्र के अभुआपुरा गांव में 14 जून को हुए 13 वर्षीय किशोर प्रिंस हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पड़ोस में रहने वाले एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी किशोर अपने दोस्त प्रिंस से पुरानी रंजिश रखता था। परिवार के सामने हुए विवाद और गाली-गलौज से नाराज होकर उसने प्रिंस को पेड़ से पतंग उतारने के बहाने घर से बुलाया और सुनसान स्थान पर ले जाकर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रिंस की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
आगरा। किरावली क्षेत्र के गांव अभुआपुरा में 14 जून को उस समय सनसनी फैल गई थी, जब 13 वर्षीय प्रिंस गंभीर हालत में गांव के बाहर झाड़ियों में पड़ा मिला था। उसके सिर और शरीर पर चोटों के निशान थे। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने एक किशोर को गिरफ्तार किया है।
घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। शुरुआत में मामला पूरी तरह रहस्य बना हुआ था, क्योंकि घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया था। पुलिस जांच में पता चला कि प्रिंस और आरोपी किशोर पहले अच्छे दोस्त थे। कुछ समय पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान प्रिंस ने आरोपी को उसके परिवार के सामने अपमानित किया था और गाली-गलौज भी हुई थी। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में गहरी नाराजगी और बदले की भावना पैदा हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रंजिश का बदला लेने के लिए योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देने की साजिश रची।
पत्थर और ईंट से किया हमला
घटना वाले दिन आरोपी प्रिंस को पेड़ पर फंसी पतंग उतारने का झांसा देकर घर से अपने साथ ले गया। गांव के बाहर पहुंचने पर दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। इसी दौरान आरोपी ने पहले ईंट से हमला किया और बाद में नुकीले पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रिंस झाड़ियों में गिर पड़ा। आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। बाद में ग्रामीणों ने उसे देखा और परिजनों को सूचना दी।
खून से सना पत्थर बना अहम सबूत
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके से खून से सना एक नुकीला पत्थर बरामद हुआ, जिसे हत्या में प्रयुक्त हथियार माना जा रहा है। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
किरावली पुलिस ने घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के विश्लेषण में प्रिंस को आखिरी बार आरोपी किशोर के साथ जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन साक्ष्यों के सामने टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
वारदात के बाद सामान्य जीवन जीता रहा आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या करने के बाद आरोपी अपने घर लौट आया और सामान्य तरीके से रहने लगा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। लेकिन लगातार जुटाए गए साक्ष्यों और तकनीकी जांच ने उसकी पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस की सक्रियता से सुलझा सनसनीखेज मामला
पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों को जांच में लगाया गया था। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर मामले का सफल खुलासा किया गया। आरोपी नाबालिग के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।