राजपुर चुंगी से शमसाबाद रोड तक कल निकलेगी महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा, 21 झाँकियों, बैंड-बाजों, घोड़ों और ऊंटों के साथ आगरा में दिखेगा स्वाभिमान

आगरा। वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती पर शनिवार 9 मई को आगरा की सड़कों पर शौर्य और सामाजिक एकता का भव्य संगम दिखाई देगा। महाराणा प्रताप शोभायात्रा आयोजन समिति, राजपुर चुंगी, शमसाबाद रोड, आगरा द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराणा प्रताप जयंती को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति ने शुक्रवार को संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में आकर्षक आमंत्रण पत्र जारी कर शहरवासियों को शोभायात्रा में शामिल होने का आत्मीय निमंत्रण दिया।

May 8, 2026 - 18:25
 0
राजपुर चुंगी से शमसाबाद रोड तक कल निकलेगी महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा, 21 झाँकियों, बैंड-बाजों, घोड़ों और ऊंटों के साथ आगरा में दिखेगा स्वाभिमान
महाराणा प्रताप की जयंती पर कल निकलने वाली शोभायात्रा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते आयोजक।

समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी कुंवर युवराज सिंह परिहार ने कहा कि महाराणा प्रताप का त्याग, संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का संदेश देता रहेगा। उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल हों।

संरक्षक एवं समाजसेवी पप्पू राघव ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 मई शनिवार को शाम 4 बजे विभव नगर स्थित चौधरी गार्डन से विशाल शोभायात्रा प्रारंभ होकर शमशाबाद मार्ग स्थित टीवी टावर के सामने जीएल फार्म हाउस तक जाएगी। शोभायात्रा में बैंड-बाजों, तोपों, घोड़ों और ऊँटों के साथ 21 भव्य झाँकियाँ शामिल होंगी, जो शौर्य, साहस, स्वाभिमान, श्रद्धा, सामाजिक सद्भाव, एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।

संस्थापक-संरक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी धनवीर सिंह तोमर ने बताया कि शोभायात्रा में आगरा शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और विभिन्न तहसीलों से भी क्षत्रिय समाज की भारी भागीदारी रहेगी। शोभायात्रा मार्ग पर राजपुर चुंगी, राजेश्वर मंदिर, सौ फुटा और अन्य स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों तथा क्षेत्रीय लोगों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

संरक्षक समाजसेवी चंद्रभान तोमर और देवेंद्र धाकरे ने बताया कि शोभायात्रा में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा अरिदमन सिंह, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, अवागढ़ के युवराज अंबरीश पाल सिंह, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप चौहान, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, फुफुक्टा अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, पीली कोठी के कुंवर दिनेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक ठाकुर विजयपाल सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया और कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी सहित अनेक गणमान्य हस्तियाँ अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में ब्रजमोहन तोमर, विजय सिंह तोमर, हरिशंकर जसावत, महेंद्र सिंह रघुवंशी, वीरेंद्र रघुवंशी, प्रदीप सिकरवार, ललित रघुवंशी, डॉ. राकेश सिकरवार, अशोक भदौरिया, थान सिंह, चोब सिंह, गजेंद्र परिहार, विक्रम सिंह, राजेश तोमर, राजवीर सिंह, सोमवीर, जसवंत, रवीन्द्र, हेमंत, लाल सिंह और पृथ्वी पाल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र परमार ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor