महाराणा प्रताप जयंती पर शौर्य और स्वाभिमान का प्रदर्शन, आगरा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निकलीं शोभायात्राएं, वीरता और सनातन संस्कृति के जयघोष

आगरा। शहर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भव्य शोभायात्राओं का आयोजन किया गया। केसरिया साफों, ध्वज पताकाओं, ऊंट-घोड़ों, बैंड-बाजों, राष्ट्रभक्ति गीतों और आकर्षक झांकियों के बीच हजारों लोगों ने महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। शोभायात्राओं के माध्यम से सामाजिक एकता, सनातन संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्राओं का स्वागत किया गया और पूरा शहर महाराणा प्रताप अमर रहें के जयघोष से गूंज उठा।

May 9, 2026 - 21:52
 0
महाराणा प्रताप जयंती पर शौर्य और स्वाभिमान का प्रदर्शन, आगरा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निकलीं शोभायात्राएं, वीरता और सनातन संस्कृति के जयघोष
महाराणा प्रताप जयंती पर विभव नगर स्थित चौधरी गार्डन में शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाते राजा भदावर अरिदमन सिंह, पूर्व विधायक डॊ. राजेंद्र सिंह और अन्य अतिथिगण। 

राजपुर चुंगी से शमसाबाद रोड तक निकली यात्रा में ऊंट-घोड़े और दर्जनों आकर्षक झांकियां

राजपुर चुंगी से निकली महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा में शामिल झांकियां। 

राजपुर चुंगी से शमसाबाद मार्ग तक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के जयकारों की गूंज सुनाई दी। महाराणा प्रताप शोभायात्रा आयोजन समिति, राजपुर चुंगी, शमशाबाद रोड आगरा द्वारा विभव नगर स्थित चौधरी गार्डन से टीवी टावर के सामने जीएल फार्म हाउस तक विशाल और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ऊंट-घोड़े, बैंड-बाजे, ध्वज पताकाएं, तोपें तथा ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन विजय और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी 25 संदेशप्रद झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महाराणा प्रताप के आकर्षक डोले ने जन-जन को शौर्य, साहस, स्वाभिमान, सामाजिक एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह, पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, कुंवर दिनेश प्रताप सिंह (पीली कोठी), कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष प्रदीप भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, आयोजन समिति अध्यक्ष युवराज सिंह परिहार एवं संरक्षक पप्पू राघव ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण और आरती कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।

अध्यक्ष युवराज सिंह परिहार और संरक्षक पप्पू राघव ने शोभायात्रा का निर्देशन किया। समापन पर सामूहिक प्रीतिभोज का आयोजन हुआ। इस दौरान धनवीर सिंह तोमर, विजय सिंह तोमर, ब्रजमोहन तोमर, ललित रघुवंशी, हरिशंकर जसावत, डॉ. राकेश, अशोक भदौरिया, राजेश तोमर, प्रमोद तोमर, जीपी ठाकुर, गजेंद्र परमार, थान सिंह, देवेंद्र धाकरे, चंद्रभान तोमर, दिगंबर सिंह धाकरे, प्रदीप सिकरवार, राजवीर सिंह, लाल सिंह राघव, विक्रम सिंह और गजेंद्र परिहार मौजूद रहे।

अवधपुरी में भी निकाली गई भव्य शोभायात्रा, मंत्री हुए शामिल

अवधपुरी में क्षत्रिय समाज द्वारा निकाली गई महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा की एक झलक। मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी मौजूद हैं। 

समाज में एकता और भाईचारे के संकल्प के साथ क्षत्रिय समाज द्वारा अवधपुरी से महाराणा प्रताप जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सिर पर भगवा पगड़ी और हाथों में भगवा ध्वज लिए युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शोभायात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने महाराणा प्रताप की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और हरी झंडी दिखाकर किया। विधायक पुरुषोत्तम खडेलवाल, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता भी इस मौके पर मौजूद रहे।

महाराणा प्रताप और भारत माता की आकर्षक झांकियों ने देश की अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया। योगेन्द्र उपाध्याय ने पैदल चलते हुए महाराणा प्रताप को नमन किया और कहा कि समाज के सभी वर्गों को प्रेम और सहयोग के भाव से मिलकर रहना चाहिए।
शोभायात्रा मारुति एस्टेट, बोदला चौराहा, सेक्टर-4 और सेंट्रल पार्क क्षेत्र से होती हुई वर्मा डेयरी पहुंची। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा नेता डॉ. अलौकिक उपाध्याय, ठाकुर शिवम चौहान, ठाकुर उज्जवल चौहान, ठाकुर प्रमोद चौहान, ठाकुर दीपक चौधरी, ठाकुर हैप्पी तोमर, ठाकुर अरुण तोमर, धर्मेन्द्र चौधरी, ठाकुर रवि चौहान, ललित शर्मा, दीप विनायक, विनायक, कान्हा राठौर, धीरज जैन, निशू कपूर और प्रेम सिंह धाकड़ सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

ऊंट-घोड़ों, आकर्षक झांकियों और केसरिया साफों के साथ दहतोरा क्षेत्र में निकली महाराणा प्रताप शोभायात्रा।

सनातनी वीर महापुरुष योद्धा सम्मान समिति द्वारा तिरुपति रेजिडेंसी, दहतोरा से शनिवार को निकाली गई महाराणा प्रताप जयंती शोभायात्रा की एक झलक।

सनातनी वीर महापुरुष योद्धा सम्मान समिति द्वारा तिरुपति रेजिडेंसी, दहतोरा से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती पर भव्य एवं दिव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता की अद्भुत झलक देखने को मिली। केसरिया साफों से सुसज्जित युवा, घोड़ों और ऊंटों पर सवार अतिथि, आकर्षक झांकियां और बैंड-बाजों की धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजा महेंद्र अरिदमन सिंह भदावर और नितिन कोहली ने महाराणा प्रताप की झांकी की आरती उतारकर किया।

शोभायात्रा में भगवान गणेशजी, भारत माता, शेरोंवाली माता, बजरंगबली हनुमानजी और श्रीराम मंदिर की भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। मुख्य अतिथि योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि महाराणा प्रताप पूरे राष्ट्र के गौरव हैं और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा है।

राजा महेंद्र अरिदमन सिंह भदावर ने महाराणा प्रताप के जीवन को साहस और राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण बताया। आयोजक संजय सिसोदिया ने बताया कि शोभायात्रा तिरुपति रेजिडेंसी से प्रारंभ होकर सेक्टर-12 तक पहुंची, जहां जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में संरक्षक राहुल जैन, मंडल अध्यक्ष मुनेंद्र जादौन, अविनाश राणा, जोगेंद्र चौहान, कृपाल प्रधान, मनोज चौहान, हरिओम ठाकुर, नितेश भारद्वाज, संस्कार भदोरिया, यश राजावत, बंटी परिहार, मनोज माहौर, अनु सिसोदिया, सत्यम चौहान, जितेंद्र पीपल, जीतू धाकड़, दीपक शर्मा और शेर चौधरी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor