आगरा कलेक्ट्रेट में टला बड़ा हादसा, क्लॉक बिल्डिंग का छज्जा भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे लोग

आगरा जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक क्लॉक बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना कार्य दिवस के दौरान हुई, जब कलेक्ट्रेट परिसर में लोगों की आवाजाही बनी हुई थी। गनीमत रही कि हादसे के समय छज्जे के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल मजदूर लगाकर मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया।

Jul 1, 2026 - 19:41
 0
आगरा कलेक्ट्रेट में टला बड़ा हादसा, क्लॉक बिल्डिंग का छज्जा भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे लोग
क्लॉक बिल्डिंग के छज्जे का गिरा हिस्सा।

आगरा। आगरा जिला मुख्यालय में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऐतिहासिक क्लॉक बिल्डिंग का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। छज्जा गिरते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

घटना ऐसे समय हुई जब कलेक्ट्रेट में कार्य दिवस होने के कारण अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और फरियादियों की आवाजाही लगातार बनी हुई थी। राहत की बात यह रही कि जिस स्थान पर छज्जा गिरा, उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यदि उस वक्त लोग नीचे खड़े होते तो कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित हिस्से को तत्काल खाली कराया गया। इसके बाद आनन-फानन में मजदूरों को बुलाकर गिरे हुए मलबे को हटाने का कार्य शुरू कराया गया, ताकि परिसर में आवाजाही सामान्य हो सके और किसी अन्य दुर्घटना की संभावना न रहे।

कलेक्ट्रेट की क्लॉक बिल्डिंग काफी पुरानी इमारत मानी जाती है। छज्जा गिरने की घटना ने भवन की जर्जर स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। कर्मचारियों और अधिवक्ताओं का कहना है कि यदि समय रहते भवन की तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कराने और भवन की सुरक्षा का आकलन कराने की तैयारी में जुटा है।