आगरा पुलिस में बड़ी कार्रवाई: वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी, आठ पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

आगरा। जिले में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाना और पोस्ट डालना आठ पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। पुलिस विभाग ने अनुशासनहीनता और सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए एक साथ आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

May 23, 2026 - 22:25
 0
आगरा पुलिस में बड़ी कार्रवाई: वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी, आठ पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
Ai Generated Image

जानकारी के अनुसार, आगरा में कुछ पुलिसकर्मी लगातार वर्दी में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक, ट्विटर और यूट्यूब पर रील और पोस्ट साझा कर रहे थे। यह गतिविधि उत्तर प्रदेश पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के प्रावधानों के विरुद्ध पाई गई।

इसी आधार पर विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए कुल आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई

लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में पांच उप निरीक्षक, दो महिला उपनिरीक्षक  और एक महिला आरक्षी शामिल हैं। मीडिया सेल द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक लाइन हाजिर किए गए पुलिस कर्मियों द्वारा नागरिक पुलिस की सोशल मीडिया पॉलिसी के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया। वर्दी में पोस्ट अपने सोशल मीडिया हैंडल्स (इंस्टाग्राम/फेसबुक/ट्विटर/यूट्यूब आदि) पर पोस्ट किए गये हैं।

पुलिस मीडिया सेल के अनुसार, संबंधित कर्मियों द्वारा वर्दी में सोशल मीडिया पोस्ट डालना उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता का स्पष्ट उदाहरण है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का शत-प्रतिशत पालन करना अनिवार्य है।

संदेश और आगे की कार्रवाई

इस कार्रवाई के बाद अन्य पुलिसकर्मियों को भी सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में वर्दी या विभागीय छवि को प्रभावित करने वाली किसी भी सोशल मीडिया गतिविधि पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

एक साथ आठ पुलिसकर्मियों पर हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। इसे विभाग की अनुशासन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक सख्त कदम माना जा रहा है।