फतेहपुर सीकरी में सड़क विकास को बड़ी मंजूरी, ₹24.78 करोड़ से 47 किमी लंबी 23 सड़कों का नवनिर्माण व कायाकल्प

फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में राज्य सड़क निधि योजना के तहत 24.78 करोड़ रुपये से 47 किमी लंबी 23 सड़कों के नवनिर्माण व कायाकल्प को मंजूरी मिली है। निर्माण कार्य PWD कराएगा। इससे ग्रामीण संपर्क, यातायात सुविधा और स्थानीय विकास को गति मिलेगी।

Mar 1, 2026 - 19:49
 0
फतेहपुर सीकरी में सड़क विकास को बड़ी मंजूरी,  ₹24.78 करोड़ से 47 किमी लंबी 23 सड़कों का नवनिर्माण व कायाकल्प
सांसद राजकुमार चाहर।

आगरा। लोकसभा क्षेत्र फतेहपुर सीकरी में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। सांसद राजकुमार चाहर के प्रयास से वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राज्य सड़क निधि योजना के तहत 24 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत से 47 किलोमीटर लंबाई की 23 सड़कों के नवनिर्माण एवं कायाकल्प को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दी गई है। सभी स्वीकृत मार्गों का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जाएगा। इन सड़कों के तैयार होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और ग्रामीण अंचलों को बेहतर संपर्क मार्ग मिलेंगे।

सांसद राजकुमार चाहर ने बताया कि लंबे समय से जर्जर अथवा अधूरी पड़ी सड़कों के निर्माण से आमजन को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचेगा। उन्होंने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ

सांसद चाहर ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से गांवों और कस्बों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, बाजारों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंच आसान बनेगी। कृषि उत्पादों के परिवहन में सहूलियत से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

इन 23 मार्गों का होगा नवनिर्माण व कायाकल्प

उन्होंने बताया कि श्यामो बमरौली कटारा–सोनागढ़ी मार्ग, इस्लामपुर–नगला बहा होते हुए विजय मल्हेला मार्ग, गढ़ी ठाकुरदास रोड (रोहता नहर पटरी) से पीटर्स इंटर कॉलेज यूनिट-2 मार्ग, बरौली गूजर–ठार पारौली/ठार किशनलाल/ठार गंगाराम मार्ग, जरार हनुमान मंदिर–एस.आर. इंटर कॉलेज (छूटी कड़ी), जैतपुर कला में पूरा सूबेदार–चिम्मनपुरा खेड़ा राठौर मार्ग, भाऊपुरा गूँगावली–क्वारी मार्ग, स्याहीपुर पिढोरा किमी-11 से दलईपुरा–बजरिया ग्राम मार्ग, अरैला–बाँसवाला मार्ग, बिरुनी–गोयला मार्ग, अनुरूधपुरा–नीमडांडा मार्ग, धनोला मार्ग से गढ़ी झाऊलाल रिहावली मार्ग, सेवला अहीर–कछा मार्ग, अछनेरा–कीठम मार्ग से नानऊ होते हुए कचैरा जनूथा मार्ग, अछनेरा एनएच-11 से सकतपुर होते हुए रसूलपुर मार्ग का छूटा भाग, भडकोल–कछपुरा मार्ग, खेड़ा जाट–नगला देवरिया (औलेण्डा) मार्ग, मलिकपुर–नगला सालिंग मार्ग, गौरऊ–दिगरोता मार्ग का छूटा भाग (मुरकिया बिरहरु–सुन्दरपुर), वाजिदपुर–गंगापुर भोपुर मार्ग, लल्लूपुरा–रावतपुर मार्ग, जाजऊ रेलवे फाटक से बघेलों का अड्डा होते हुए रामपाल के पुरा तक मार्ग का निर्माण व सुधार कराया जाएगा।