पीलीभीत मेडिकल कॉलेज को बड़ी सौगात, राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने 100 नई एमबीबीएस सीटों को दी मंजूरी; अब 300 छात्रों को मिलेगा प्रवेश
-आरके सिंह- पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत राजकीय मेडिकल कॉलेज को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज में 100 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश और संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है। इस मंजूरी के बाद कॉलेज में एमबीबीएस की कुल सीटें 200 से बढ़कर 300 हो जाएंगी। अतिरिक्त सीटों से न केवल मेडिकल शिक्षा को नया विस्तार मिलेगा, बल्कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पीलीभीत-पूर्णपुर मार्ग स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज को एनएमसी से अनुमति पत्र प्राप्त होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां तेज कर दी हैं। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह से नए बैच की कक्षाएं शुरू किए जाने की संभावना है। इन अतिरिक्त सीटों पर प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से चयनित मेधावी छात्र प्रवेश प्राप्त करेंगे।
एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ने से जिले में चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा। साथ ही मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ने से मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की संभावना है। मेडिकल छात्र वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में मरीजों के उपचार और परामर्श की व्यावहारिक ट्रेनिंग प्राप्त करेंगे, जिससे अस्पताल की कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग ने कॉलेज को 100 नई एमबीबीएस सीटों पर शैक्षणिक सत्र शुरू करने की स्वीकृति दे दी है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर से नए सत्र का संचालन प्रारंभ करने के लिए कॉलेज प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि नए विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
चिकित्सा शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सीटों में यह वृद्धि भविष्य में प्रदेश में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे पीलीभीत मेडिकल कॉलेज की पहचान भी और मजबूत होगी तथा स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।