किरावली में विकास का बड़ा ऐलान: सांसद राजकुमार चाहर ने ‘सेवा तीर्थ नागरिक देवो भवः’ कार्यालय का किया शुभारंभ, 95.63 करोड़ की सड़कों-पर्यटन योजनाओं का भूमि पूजन
किरावली (आगरा)। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत किरावली में शनिवार को जनसेवा और विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित हुआ। किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और जनसंपर्क को मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्थापित सेवा तीर्थ नागरिक देवो भवः (सांसद कार्यालय) का दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान के साथ शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही। सांसद कार्यालय के शुभारंभ से क्षेत्र के लोगों को अपनी समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए एक सशक्त मंच मिलेगा, जिससे जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति मिलने की उम्मीद है।
95 करोड़ 63 लाख की विकास योजनाओं की सौगात
इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर ने फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के लिए 95 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग द्वारा विभिन्न सड़कों के निर्माण और सुदृढ़ीकरण तथा पर्यटन विभाग के विकास कार्यों का भूमि पूजन कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।
इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और पर्यटन से जुड़े स्थलों के विकास को भी नई गति मिलेगी। इससे न केवल आवागमन की सुविधा बढ़ेगी बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विकास योजनाओं से क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार
सांसद राजकुमार चाहर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर क्षेत्र में सुशासन और विकास का वातावरण बने।
उन्होंने कहा कि फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र को विकास की नई योजनाओं की सौगात मिलती रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन गुड्डू चाहर, सोनू चौधरी और डोरीलाल इन्दोलिया ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, अशोक राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा, पूर्व विधायक महेश गोयल, जितेंद्र वर्मा, कालीचरन सुमन, निर्मला दीक्षित, विजयलक्ष्मी चाहर, उपेन्द्र सिंह, मोहन सिंह चाहर, संजय चौहान, संतोष कटारा, शिवकुमार प्रमुख, संतोष सिकरवार, सतेंद्र यादव, राकेश लोधी, लाल सिंह लोधी, उत्तम काका, सोनू दिवाकर, राजू प्रधान, श्रीकांत त्यागी, सुधीर गर्ग, महेंद्र सिंह, इस्लाम, अशोक लवानिया, जगदीश मित्तल, देवेंद्र रावत, हीरा सिंह, राजेश कुशवाहा और उमाशंकर माहौर सहित पार्टी के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सांसद द्वारा क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में क्षेत्र में विकास की गति और तेज होगी।