आगरा में जुए के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़, खाली मकान में सजती थी लाखों की महफिल, 22 जुआरी गिरफ्तार
आगरा के थाना सदर बाजार क्षेत्र में पुलिस ने नगला जस्सा स्थित एक खाली मकान पर छापा मारकर जुए के बड़े रैकेट का खुलासा किया। मौके से 22 जुआरी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने 40,100 रुपये नकद, 104 ताश के पत्ते और 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जुए के इस कारोबार का संचालन कुलवंत उर्फ सरकार और मान सिंह उर्फ नकुला द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
आगरा। आगरा में अवैध जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर बाजार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुए के एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने नगला जस्सा क्षेत्र स्थित एक खाली मकान पर छापा मारकर हार-जीत की बाजी लगाते 22 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में नकदी, ताश के पत्ते और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि नगला जस्सा इलाके के एक खाली मकान में लंबे समय से बड़े स्तर पर जुए का संचालन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सदर बाजार पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से टीम गठित कर देर रात छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर 22 आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुए की फड़ से 40,100 रुपये की नगद राशि, 104 ताश के पत्ते और 13 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह स्थान लंबे समय से जुए के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां रोजाना बड़ी रकम पर हार-जीत की बाजी लगाई जाती थी।
जांच में सामने आया है कि इस अवैध जुए के कारोबार का संचालन कुलवंत उर्फ सरकार और मान सिंह उर्फ नकुला द्वारा किया जा रहा था। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
थाना सदर बाजार पुलिस ने सभी गिरफ्तार जुआरियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे अड्डों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।