आगरा मंडल में एलपीजी का बड़ा संकट, 70% सप्लाई, 1 लाख बैकलॉग, कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

टीटीजेड क्षेत्र में एलपीजी की केवल 70% आपूर्ति को लेकर एसोसिएशन ने आगरा मंडल के कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार 100% सप्लाई की मांग की गई है। 1 लाख कनेक्शन के बैकलॉग और तेल कंपनियों की नीतियों को समस्या की जड़ बताया गया है। प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।

Apr 21, 2026 - 15:29
 0
आगरा मंडल में एलपीजी का बड़ा संकट, 70% सप्लाई, 1 लाख बैकलॉग, कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देकर कार्रवाई की मांग

आगरा। ताजनगरी आगरा में मंगलवार को टीटीजेड से जुड़े एक अहम मुद्दे को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। टीटीजेड क्षेत्र में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने चेयरमैन एवं कमिश्नर, आगरा मंडल को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार टीटीजेड क्षेत्र में 100% एलपीजी उपलब्ध कराई जानी चाहिए, लेकिन वर्तमान में केवल लगभग 70% आपूर्ति ही हो रही है। यह स्थिति न्यायालय के आदेशों की अवमानना की ओर संकेत कर सकती है।

1 लाख कनेक्शन का बैकलॉग, बढ़ रही समस्या

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आगरा मंडल में करीब 1 लाख एलपीजी कनेक्शन का बैकलॉग लंबित है, जो लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके पीछे तेल कंपनियों की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। उनका आरोप है कि तेल कंपनियां टीटीजेड के विशेष दर्जे की जानकारी भारत सरकार तक प्रभावी तरीके से नहीं पहुंचा रही हैं, जिससे क्षेत्र को मिलने वाली प्राथमिकता प्रभावित हो रही है।

सुप्रीम कोर्ट जाने से पहले प्रशासन को अवगत कराया

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वे इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में उठाने से पहले स्थानीय प्रशासन को अवगत कराना उचित समझते हैं, ताकि समय रहते समाधान निकाला जा सके। चेयरमैन/कमिश्नर, आगरा मंडल ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने संबंधित विभागों से रिपोर्ट लेकर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही।

ये लोग रहे शामिल

ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से एसोसिएशन के अध्यक्ष विपुल पुरोहित, स्वतंत्र कुमार, मनीष चौधरी आदि शामिल रहे।