आगरा को फूड हब बनाने की दिशा में बड़ा संकेत: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात में फूड पार्क, नीति एकीकरण पर चर्चा, फूड एक्सपो के पोस्टर का विमोचन  

आगरा। चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पंचशील भवन, नई दिल्ली स्थित मंत्रालय में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से शिष्टाचार भेंट कर कई अहम मुद्दों पर ठोस चर्चा की। मुलाकात के दौरान जहां उत्तर प्रदेश में फूड पार्क स्थापित करने और उद्योग को विशेष अनुदान देने की मांग जोरदार ढंग से उठी, वहीं फूड प्रोसेसिंग और फूड सेफ्टी मंत्रालय को एकीकृत करने का बड़ा सुझाव भी सामने रखा गया।

May 6, 2026 - 20:00
 0
आगरा को फूड हब बनाने की दिशा में बड़ा संकेत: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात में फूड पार्क, नीति एकीकरण पर चर्चा, फूड एक्सपो के पोस्टर का विमोचन   
पंचशील भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से यूपी फूड एक्सपो 2026 पर चर्चा करते राजकुमार भगत, मनीष अग्रवाल, विकास चतुर्वेदी, सिद्धार्थ अग्रवाल व नितिन अग्रवाल आदि।।

यूपी फूड एक्सपो 2026 को मिला केंद्रीय समर्थन

बैठक के दौरान 14-15-16 जून 2026 को आगरा में प्रस्तावित उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एंड कॉन्क्लेव 2026 के दूसरे संस्करण का पोस्टर भी केंद्रीय मंत्री द्वारा विमोचित किया गया। मंत्री चिराग पासवान ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही इसकी औपचारिक पुष्टि भेजी जाएगी।

उद्योग और नीति के बीच दूरी खत्म करने की पहल

एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट तौर पर कहा कि यदि खाद्य प्रसंस्करण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मंत्रालयों को एक कर दिया जाए तो नीतियों में एकरूपता आएगी और जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन अधिक प्रभावी होगा। इस पर मंत्री ने सकारात्मक संकेत देते हुए कहा कि इस दिशा में प्रयास जारी हैं और भविष्य में एकीकृत ढांचा तैयार किया जा सकता है।

यूपी में फूड पार्क की मांग ने पकड़ा जोर

प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में फूड प्रोसेसिंग को गति देने के लिए बड़े पैमाने पर फूड पार्क स्थापित करने और नई यूनिट्स को विशेष अनुदान देने की मांग रखी। अध्यक्ष राजकुमार भगत ने बताया कि राज्य सरकार की एक जिला-एक व्यंजन पहल से नए अवसर पैदा हो रहे हैं, जिन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़कर बड़ा उद्योग खड़ा किया जा सकता है।

मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि यूपी कृषि विविधता से भरपूर प्रदेश है, जहां प्रोसेसिंग और पैकेजिंग के माध्यम से उत्पादों को बेहतर मूल्य दिलाया जा सकता है। उन्होंने निर्यात संभावनाओं को भी रेखांकित करते हुए कहा कि सही नीति समर्थन मिलने पर यूपी वैश्विक फूड मार्केट में मजबूत पहचान बना सकता है।

योजनाओं में उद्योग की भागीदारी की मांग

सचिव विकास चतुर्वेदी ने सुझाव दिया कि मंत्रालय द्वारा बनाई जाने वाली योजनाओं को अंतिम रूप देने से पहले उद्योग संगठनों से संवाद किया जाए, ताकि योजनाएं व्यवहारिक बनें और उनका लाभ सीधे उद्यमियों तक पहुंचे।

मंत्री का भरोसा: उद्योग को मिलेगा सीधा फायदा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग सेक्टर देशभर में तेजी से विस्तार कर रहा है और सरकार नई योजनाओं के जरिए उद्यमियों को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन को जल्द ही मंत्रालय की सलाहकार समिति में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

आगरा में फूड पार्क स्थापना को लेकर उन्होंने संकेत दिया कि इस दिशा में गंभीरता से विचार किया जा रहा है और जनपद के लिए एक बड़ी योजना लाई जा सकती है।

प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष राजकुमार भगत, सचिव विकास चतुर्वेदी, सिद्धार्थ अग्रवाल, नितिन अग्रवाल (हाथरस), मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल और एडमिनिस्ट्रेटर अपारक शर्मा शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor