बरेली में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, डेढ़ करोड़ की एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद; चार तस्कर दबोचे

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और शाही थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। टीम ने शाही थाना क्षेत्र से करीब 498.35 किलोग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस सप्लाई चेन के आगे और पीछे जुड़े नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।

Jul 19, 2026 - 20:53
 0
बरेली में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, डेढ़ करोड़ की एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद; चार तस्कर दबोचे

रविवार को हुई इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) अंशिका वर्मा ने बताया कि यूपी एएनटीएफ यूनिट और शाही थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एसिटिक एनहाइड्राइड की अवैध सप्लाई करने वाले गिरोह पर कार्रवाई की। इस दौरान जोगेश, तेजपाल, अरुण और वासिद को हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में जोगेश का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसे इससे पहले भी इसी प्रकार के मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) लखनऊ द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 498.35 किलोग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड बरामद की। यह एक कंट्रोल्ड केमिकल (Controlled Substance) है, जिसका उपयोग अवैध रूप से स्मैक और हेरोइन जैसे मादक पदार्थों के निर्माण में प्रीकर्सर के रूप में किया जाता है। पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में बरामद केमिकल किसी संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन, एक रेनो कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद वाहनों और मोबाइल फोन के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है।

एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह केमिकल कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस पूरे नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है ताकि नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor