शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: लश्कर का ए++ कमांडर जाकिर गनई ढेर, दूसरे आतंकी की तलाश जारी

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के ए++ श्रेणी के कमांडर जाकिर गनई को मार गिराया। उसके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। दूसरे आतंकी की तलाश में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ का व्यापक सर्च ऑपरेशन जारी है।

Jul 8, 2026 - 12:46
 0
शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी: लश्कर का ए++ कमांडर जाकिर गनई ढेर, दूसरे आतंकी की तलाश जारी
प्रतीकात्मक इमेज।

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के ए++ श्रेणी के कमांडर जाकिर अहमद गनई को मुठभेड़ में मार गिराया गया। मारे गए आतंकी के कब्जे से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी दौरान सर्विलांस कैमरों में दो संदिग्ध आतंकियों की गतिविधियां दिखाई देने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया।

बुधवार सुबह अभियान के दौरान सुरक्षाबलों का आतंकियों से सामना हुआ। मुठभेड़ में लश्कर का ए++ कमांडर जाकिर अहमद गनई मारा गया। अधिकारियों के अनुसार, उसके पास से एक हथियार के साथ अन्य युद्ध सामग्री और गोला-बारूद बरामद किया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार जाकिर गनई दक्षिण कश्मीर में सक्रिय लश्कर का प्रमुख कमांडर था और कई आतंकी गतिविधियों में उसकी संलिप्तता बताई जाती रही है। वह सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मुठभेड़ के दौरान जाकिर गनई के साथ एक और आतंकी मौजूद था, जो मौके से भाग निकलने में सफल रहा। उसके इलाके में छिपे होने की आशंका के चलते सुरक्षाबलों ने व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर संभावित निकास मार्गों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी संयुक्त अभियान में एक लश्कर आतंकी के मारे जाने की पुष्टि की है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी रहेगा और आतंकियों के पूरी तरह सफाए तक अभियान में कोई ढील नहीं दी जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor