ममता का सीएम पद छोड़ने से इनकार, चुनाव आयोग पर साजिश का लगाया आरोप, भाजपा बोली- ममता का रवैया अराजकतावादी
टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने कहा कि वो हारी नहीं हैं, बल्कि उन्हें हराया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई बीजेपी के साथ नहीं है हमारी लड़ाई चुनाव आयोग के साथ था। उन्होंने इस्तीफा देने सेे इनकार कर दिया। इस पर भाजपा भड़क गई। ममता बनर्जी के बयान पर बीजेपी नेता गौरव भाटिया ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने चुनाव हारने के बावजूद इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, 'सत्ता से चिपके रहकर ममता बनर्जी न केवल अराजकतावादी रवैया अपना रही हैं, बल्कि वे मतदाताओं की भावनाओं और जनादेश की पवित्रता का भी खुलेआम अपमान कर रही हैं। यह पूरी तरह से संवैधानिक व्यवस्था का चरमराना है।
'
कोलकाता। पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को मुख्य विलेन बताया। उन्होंने कहा, 'मैं क्यों इस्तीफा दूंगी जब मैं हारी नहीं हूं। मुझे बाध्य नहीं किया जा सकता कि मैं इस्तीफा देने जाऊं। नैतिक तौर पर मैं कह रही हूं कि मैं जीती हूं। मैं लोकभवन जाकर इस्तीफा नहीं दूंगी।'
सीएम ममता बनर्जी ने कहा, 'सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन ने मुझे फोन किया। इंडिया गठबंधन के सभी साथियों ने मुझसे कहा कि वे पूरी तरह से मेरे साथ हैं। मुझे लगता है कि आने वाले दिनों में हमारी एकजुटता और मजबूत रहेगी। अखिलेश ने मुझसे अनुरोध किया कि क्या वह आज ही आ सकते हैं, लेकिन मैंने उनसे कहा कि कल आएं तो, वह कल आएंगे। एक-एक करके सब आएंगे। मेरा लक्ष्य बहुत साफ है।'
उन्होंने कहा, 'मैं इंडिया गठबंधन को मजबूत करूंगी। बिल्कुल एक आम आदमी की तरह। अब मेरे पास कोई कुर्सी नहीं है, इसलिए मैं एक आम आदमी हूं। आप मुझसे यह नहीं कह सकते कि मैं अपनी कुर्सी का इस्तेमाल कर रही हूं। मैं अब एक आजाद पंछी हूं। मैंने अपनी पूरी जिंदगी लोगों की सेवा में लगा दी। इन 15 सालों में मैंने पेंशन का एक पैसा भी नहीं निकाला। मैं तनख्वाह का एक पैसा भी नहीं ले रही हूं लेकिन अब, मैं एक आजाद पंछी हूं।'
ममता बनर्जी ने कहा, 'दुख की बात है कि सीईसी इस चुनाव में लोगों के संवैधानिक अधिकारों को लूटने और ईवीएम को लूटने वाला खलनायक बन गया। क्या आप मुझे बता सकते हैं कि वोटिंग के बाद ईवीएम में 80-90 फीसदी चार्ज है? यह कैसे हो सकता है? चुनाव से दो दिन पहले, उन्होंने हमारे लोगों को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया। उन्होंने हर जगह छापेमारी करना शुरू कर दिया। उन्होंने सभी आईपीएस और आईएएस अधिकारियों को बदल दिया।'
ममता बनर्जी ने कहा, 'उन्होंने अपनी पार्टी से लोगों को चुना और बीजेपी ने सीधे चुनाव आयोग के साथ मिलकर खेल खेला। यह बीजेपी और चुनाव आयोग के बीच एक बेटिंग है। हमने पूरी मशीनरी के खिलाफ लड़ाई लड़ी। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी शामिल हैं और सीधा दखल दे रहे हैं। उन्होंने एसआईआर में 90 लाख नाम हटा दिए। जब हम कोर्ट गए, तो 32 लाख नाम शामिल किए गए। उन्होंने गंदा और घटिया खेल खेला। मैंने अपनी जिंदगी में इस तरह का चुनाव कभी नहीं देखा।'