‘मंगल दोष’ का धमाका: मंच पर गूंजेगा ‘मर्द का दर्द’, महिलाओं की टीम दिखाएगी तीखा व्यंग्य
आगरा। शहर का रंगमंच एक बार फिर एक अलग और साहसिक विषय का गवाह बनने जा रहा है। फ्री बर्ड्स थिएटर ग्रुप द्वारा आगामी 23 अप्रैल 2026, गुरुवार को शाम 6:30 बजे सूरसदन प्रेक्षागृह में प्रस्तुत किया जाने वाला नाटक ‘मंगल दोष’ अपने अनोखे विषय और प्रस्तुति को लेकर चर्चा में है। इसी कड़ी में रविवार, 19 अप्रैल 2026 को दोपहर 3:00 बजे स्पोर्ट्स बज में नाटक का पोस्टर विमोचन एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें कलाकारों और आयोजकों ने नाटक के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
महिलाओं की टीम उठाएगी ‘मर्द के दर्द’ का मुद्दा
फ्री बर्ड्स थिएटर ग्रुप की निदेशक श्रीमती रानू गुप्ता ने बताया कि यह संस्था पिछले 8 वर्षों से सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ रंगमंच, नुक्कड़ नाटक और शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। समूह की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें सभी कलाकार महिलाएं हैं, जो समाज के ज्वलंत मुद्दों को प्रभावी ढंग से मंच पर लाती हैं।
डरावना व्यंग्य, जो खोलेगा समाज की दोहरी मानसिकता
नाटक के लेखक एवं निर्देशक राहुल अचलेश गुप्ता ने बताया कि मंगल दोष’ एक अनूठा नाटक है, जो “मर्द को भी दर्द होता है” जैसे संवेदनशील विषय पर आधारित है। यह नाटक आज के दौर में पुरुषों की अनकही पीड़ा, सामाजिक दबाव और उनके प्रति दोहरे व्यवहार को डरावने और व्यंग्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत करता है। करीब 1 घंटा 45 मिनट के इस नाटक में 6 महिला कलाकार अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों को बांधे रखेंगी।
ये रहे कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख चेहरे
पोस्टर विमोचन एवं प्रेस वार्ता के दौरान पुनीत अग्रवाल, उदय गोयल, निश्चल जैन, फ्रैंक एडवर्टाइजर्स के अमरेश नाथ, नाटक के लेखक-निर्देशक राहुल अचलेश गुप्ता सहित कलाकारों में रानू गुप्ता, निकेता बंसल, रश्मि मित्तल, चांदनी अमित माथुर, श्वेता अग्रवाल, ऋतु अग्रवाल मौजूद रहीं।
इसके अलावा टीम के अन्य सदस्य गुंजन अग्रवाल, गुंजन आकाश, डॉ. मनीषा गुप्ता, राखी अग्रवाल, अमोलिका गुप्ता, नंदनी अग्रवाल, स्निग्द्धा अग्रवाल, सांझली अग्रवाल, तारीशा अग्रवाल, आकांक्षी खन्ना आदि की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अनोखे और विचारोत्तेजक नाटक का हिस्सा बनें, जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज की सोच को झकझोरने का काम करेगा।
Top of Form