कमला नगर क्षेत्र में संदिग्ध हालात में मृत मानसी का वैवाहिक जीवन चार महीने भी नहीं चल सका, किन्नरों का गुस्सा इसलिए फूटा क्योंकि वे मृतका को अपनी बेटी मानते थे, ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप
आगरा के थाना कमलानगर क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया। किन्नर समाज, जो मृतका को अपनी मुंह बोली बेटी मानता था, ने ससुरालियों पर गला दबाकर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए घर पर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की कोशिश की।
आगरा। शहर के कमलानगर थाना क्षेत्र में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद किन्नर समाज मृतका के ससुराल पक्ष के खिलाफ सड़क पर उतर आया। मृतका को किन्नर समाज अपनी मुंह बोली बेटी मानता था और इसी समाज ने उसका विवाह भी कराया था।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में किन्नर मृतका के ससुराल पहुंच गए और आक्रोशित होकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने विवाहिता की गला दबाकर हत्या की है और इसे आत्महत्या या सामान्य मौत का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
गुस्साए किन्नरों ने घर का गेट तोड़ने का प्रयास किया और कई खिड़कियों के शीशे भी फोड़ दिए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और इलाके में तनाव फैल गया।
मृतका मानसी सीता नगर निवासी अशोक कुमार की बेटी थी। उसकी शादी पौने चार महीने महीने पहले ही कमला नगर क्षेत्र के अनुराग नगर निवासी महेश चंद के साथ हुई थी। मृतका के पिता को हत्या की आशंका है। उनका कहना है कि मानसी के शव को निजी अस्पताल में ही छोड़कर ससुरालीजन फरार हो गये थे। निजी अस्पताल से उसे एसएन अस्पताल तक मृतका के मायके पक्ष के लोग ले गये थे।
बहुत गुस्से में थे किन्नर समाज के लोग
मानसी की मौत को लेकर मायके पक्ष के लोगों से कहीं अधिक गुस्सा किन्नर समाज के लोगों को था। उनका कहना है कि मृतका उनके लिए बेटी समान थी और उसकी शादी भी उन्होंने पूरे रीति-रिवाज के साथ कराई थी। ऐसे में उसकी संदिग्ध हालात में मौत को वे किसी भी हालत में सामान्य घटना नहीं मान रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि मृतका का चाचा टेड़ी बगिया क्षेत्र में किन्नर समाज का अध्यक्ष है, जिसके चलते बड़ी संख्या में किन्नर मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। किन्नर समाज के लोग मृतका के ससुरालीजनों के घर में तोडफोड़ पर आमादा थे।
सूचना मिलते ही थाना कमलानगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को यह भरोसा दिलाया कि घर के अंदर कोई नहीं है। इसके बाद ही किन्नर समाज के लोग शांत हो सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
क्या यह सच में हत्या है या फिर कोई और सच्चाई सामने आएगी? पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।