अब संतों के श्रीमुख से गूंजेगा स्वच्छ ब्रज का मंत्र, कथा-प्रवचनों से करोड़ों श्रद्धालुओं को दिलाया जाएगा सफाई का संकल्प, परिक्रमा मार्ग के 11 सेक्टरों में अगले सप्ताह से चलेगा विशेष अभियान

मथुरा। ब्रज की स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में अब संत समाज, महंत और भागवताचार्य भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की पहल पर वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में निर्णय लिया गया कि संत अपने प्रवचनों, सत्संगों, श्रीमद्भागवत कथाओं और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को ब्रज की स्वच्छता एवं पवित्रता का संदेश देंगे तथा उन्हें स्वच्छता का संकल्प भी दिलाएंगे। बैठक में मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ब्रज को स्वच्छ, सुंदर और दिव्य बनाने के लिए प्रशासन, संत समाज और सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयास पर जोर दिया गया।

Jul 17, 2026 - 11:49
 0
अब संतों के श्रीमुख से गूंजेगा स्वच्छ ब्रज का मंत्र, कथा-प्रवचनों से करोड़ों श्रद्धालुओं को दिलाया जाएगा सफाई का संकल्प, परिक्रमा मार्ग के 11 सेक्टरों में अगले सप्ताह से चलेगा विशेष अभियान
ब्रज के स्वच्छता अभियान को लेकर वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान में हुई बैठक में मौजूद ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप एवं अन्य अधिकारीगण।

स्वच्छता अभियान से जुड़ा संत समाज

वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान में 'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से संत समाज, महंतों एवं भागवताचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की मौजूदगी में आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, नगर आयुक्त ओजस्वी राज तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संत समाज से सुझाव प्राप्त किए।

प्रवचन और भागवत कथा से दिया जाएगा स्वच्छता का संदेश

बैठक में निर्णय लिया गया कि अब संत, महंत एवं भागवताचार्य अपने प्रवचनों, सत्संगों, श्रीमद्भागवत कथाओं और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को ब्रज की स्वच्छता एवं पवित्रता का संदेश देंगे। श्रद्धालुओं को यह संकल्प भी दिलाया जाएगा कि वे ब्रज में कहीं भी कूड़ा नहीं फैलाएंगे, एकल-उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे तथा यमुना तट, कुंडों, घाटों, परिक्रमा मार्गों और सभी धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में अपना सक्रिय योगदान देंगे।

बैठक में कहा गया कि प्रतिवर्ष करोड़ों श्रद्धालु ब्रजधाम आते हैं। यदि संत समाज अपने आध्यात्मिक मंचों से स्वच्छता का संदेश देगा तो यह अभियान जन-जन तक पहुंचेगा और व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करेगा।

वृंदावन की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

बैठक के दौरान संत समाज ने वृंदावन में गंदगी और सफाई व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नाराजगी जाहिर की। संतों ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु और ब्रजवासी का धार्मिक दायित्व भी है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली को स्वच्छ रखना उनकी सेवा, ब्रज रज का सम्मान और अपनी आस्था के प्रति सच्ची श्रद्धा का प्रतीक है। संत समाज ने अभियान को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

मुख्यमंत्री की मंशा है जनभागीदारी से बने स्वच्छ ब्रज : शैलजाकांत मिश्र

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि ब्रज की स्वच्छता को सेवा और जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए तथा इसमें संत समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालु जब स्वच्छ और सुंदर ब्रज देखेंगे तो उनकी आस्था और भी प्रगाढ़ होगी। उन्होंने संतों से आह्वान किया कि आश्रमों, मंदिरों और भंडारों से ही स्वच्छता की शुरुआत करें तथा अपने प्रभाव क्षेत्र में लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिले में सफाईकर्मियों की संख्या सीमित है, इसलिए जनसहयोग ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।

परिक्रमा मार्ग के 11 सेक्टरों में चलेगा विशेष अभियान : नगेंद्र प्रताप

आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने बताया कि वृंदावन परिक्रमा मार्ग को 11 सेक्टरों में विभाजित कर विशेष अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह से सफाई, अतिक्रमण हटाने और व्यवस्थाओं के सुधार का कार्य शुरू किया जाएगा। जहां-जहां परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण हुआ है, वहां चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि संत समाज के सहयोग से अभियान अधिक प्रभावी होगा और व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार आएगा।

सोशल मीडिया पर होगा संतों के संदेशों का व्यापक प्रचार : ओजस्वी राज

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि वृंदावन में सेवा करने का अवसर उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने स्वीकार किया कि वर्तमान स्थिति चिंताजनक है और इसे बदलने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि संतों के स्वच्छता संदेशों के वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर पर प्रसारित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अगले एक महीने में वृंदावन की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय परिवर्तन दिखाई देगा।

संयुक्त तत्वावधान में चल रहा है महाअभियान

'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।

बैठक में इनकी मौजूदगी रही

बैठक में महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज, महंत हरिशंकर दास नागा महाराज, महंत सनत दास महाराज, संत गोविंदानंद तीर्थ महाराज, महंत राम स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज, संत रामदेवानंद सरस्वती महाराज, महंत सुंदर दास महाराज, महंत लाडली दास महाराज, संत सच्चिदानंद दास महाराज, संत मदन मोहन दास, संत लाडली शरण दास महाराज, महामंडलेश्वर नवल गिरी महाराज, स्वामी चित्त प्रकाशानंद, स्वामी रामानंद, मोहिनी शरण, बलराम दास महाराज, सनत कुमार शरण, राधावल्लभ वशिष्ठ, साध्वी सत्य ऋतु, समाजसेवी कपिल देव उपाध्याय, हार्टफुलनेस संस्था से निशांत शर्मा, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, रेस्टोरेशन प्रभारी मुकेश शर्मा, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री पांडेय, गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी के समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री जायसवाल, दूधनाथ जी, ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ उमेश शर्मा सहित अनेक संत, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor