आगरा में गूंजा ‘राष्ट्र प्रथम’ का मंत्र, भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में दिग्गजों ने भरी वैचारिक ऊर्जा, प्रशिक्षण वर्ग में 268 कार्यकर्ताओं ने लिया प्रशिक्षण, भाजपा नेताओं ने संगठन, अनुशासन और राष्ट्र सेवा का दिया संदेश
आगरा। भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के पहले दिन आगरा में राष्ट्र प्रथम, संगठन शक्ति और वैचारिक प्रतिबद्धता का संदेश गूंजता रहा। प्रतापपुरा स्थित रमाना ग्रैंड में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में 268 परीक्षार्थियों ने विभिन्न सत्रों में भाग लेकर संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, वर्ग प्रभारी नागेन्द्र सिकरवार, एमएलसी एवं प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जी एस धर्मेश, शिव शंकर शर्मा और प्रमोद गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की।
भाजपा के संघर्ष और इतिहास को दर्शाती प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
उद्घाटन के बाद भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली इतिहास, संस्थापक सदस्यों के संघर्ष, त्याग और संगठन के विकास को दर्शाती प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महापौर हेमलता दिवाकर, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल और विधायक जी एस धर्मेश ने फीता काटकर किया।
भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं, राष्ट्र सेवा का संगठन
प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का सिद्धांत ही कार्यकर्ताओं का मूल मंत्र है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का बूथ कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय पदाधिकारी तक केवल राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वैचारिक अधिष्ठान से लेकर कार्यपद्धति तक चला मंथन
द्वितीय सत्र को प्रदेश सह संयोजक शिक्षक प्रकोष्ठ यादवेंद्र प्रताप सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को वैचारिक अधिष्ठान और संगठन की मूल विचारधारा पर विस्तार से जानकारी दी।
तृतीय सत्र में क्षेत्रीय महामंत्री नागेन्द्र सिकरवार ने वर्तमान परिस्थितियों में कार्यकर्ताओं की कार्यपद्धति और सकारात्मक दृष्टिकोण के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अनुशासन और व्यवहार कुशलता भाजपा का मूल चरित्र
चतुर्थ सत्र में प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान ने व्यवहार कुशलता और अनुशासन को भाजपा का मूल चरित्र बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर अभियान और दायित्व ईमानदारी से निभाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान योजना, किसान कल्याण योजना, महिला सशक्तिकरण, जल जीवन मिशन, तीन तलाक से मुक्ति और मुद्रा लोन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने गरीबों और महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
रामप्रताप चौहान ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था, विकास की गति और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मिशन आज देशवासियों को गर्व का अनुभव करा रहे हैं। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनप्रतिनिधियों ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, सांसद राजकुमार चाहर, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और महापौर हेमलता दिवाकर ने भी मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन के प्रति समर्पण और ईमानदारी से दायित्व निभाने की प्रेरणा दी।
सांस्कृतिक संध्या में भजन और गजलों की छटा
दिनभर चले प्रशिक्षण सत्रों के बीच कार्यकर्ताओं ने सामूहिक भोजन, चाय-नाश्ता और जलपान किया। शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में सुधीर नारायण की टीम ने भजन संध्या और गजल गायिकी से समां बांध दिया। भजनों और गीतों पर जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता देर रात तक झूमते नजर आए।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा—राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका निर्णायक
दो दिवसीय महानगर प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस के पांचवें सत्र में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने देश के सम्मुख चुनौतियाँ एवं निदान के हमारे प्रयास विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन, सरकार और राष्ट्र निर्माण में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रहा है और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें।
इस सत्र की अध्यक्षता विधायक उत्तर पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने की। प्रशिक्षण वर्ग में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम संगठनात्मक विचारधारा और प्रशिक्षण विषयों पर केंद्रित रहा।
प्रशिक्षण वर्ग में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, सांसद राजकुमार चाहर, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महापौर हेमलता दिवाकर, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जी एस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, प्रमोद गुप्ता, शिव शंकर शर्मा, भानु महाजन, अरुण पाराशर, हेमेंद्र शर्मा, नवल तिवारी, यादवेंद्र प्रताप सिंह, दीपक खरे, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, हेमंत भोजवानी, निर्मला दीक्षित, बीना लवानिया, डॉ. रुचि चतुर्वेदी, राहुल सागर, मनवीर चौहान, दीपू जादौन, मनमोहन कुशवाह, राजू परमार, नवीन गौतम, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, राजेश गोयल, अतुल गर्ग, अनिल सारस्वत, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।