मरियम नवाज ने साधा पाक पर ही निशाना,  भारत को दिया क्लीन चिट,  मरियम के बयान पर भड़का खैबर पख्तूनख्वा

पाकिस्तान में नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज के बयान पर पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा आमने-सामने हैं। दोनों प्रांतों के बीच जुबानी जंग चरम पर है। मुख्यमंत्र मरियम नवाज ने पंजाब में आतंकवाद का ठीकरा पड़ोसी सूबों पर फोड़ा है। इस पर भड़कते हुए खैबर पख्तूनख्वा ने पंजाब सरकार और सेना पर पलटवार किया है।

Sep 7, 2026 - 19:11
 0
मरियम नवाज ने साधा पाक पर ही निशाना,  भारत को दिया क्लीन चिट,  मरियम के बयान पर भड़का खैबर पख्तूनख्वा

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने कहा कि देश के सबसे अधिक आबादी वाले प्रांत को पड़ोसी देशों की तुलना में अपनी सीमाओं के भीतर आतंकवाद से अधिक खतरा है। उनके इस बयान से पाकिस्तान में बवाल मच गया है। कई प्रांतों ने इसे गैर-जिम्मेदाराना मानते हुए मरियम नवाज की आलोचना की है। पाकिस्तान की सेना से जुड़े सैन्य विशेषज्ञों ने भी इस बयान को भारत और अफगानिस्तान को क्लीनचिट के रूप में देखा है और ऐतराज जताया है।

लाहौर में एआई टेक्नोलॉजी से जुड़े एक कार्यक्रम में मरियम नवाज ने कहा था, "दुर्भाग्य से, 13 करोड़ की आबादी वाले प्रांत पंजाब को जो खतरा है, वह मेरे पड़ोसी देशों से कम और मेरे पड़ोसी प्रांतों से अधिक है। उन्होंने आगे कहा, "आतंकवाद वहीं से पंजाब में घुसता है। सबकी नज़रें पंजाब पर हैं, लेकिन शुक्र है कि पंजाब सुरक्षित है। हमें जिन खतरों का सामना करना पड़ता है, वे हमारे सभी प्रांतों की सीमाओं से आते हैं।"

माना जा रहा है कि पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज का इशारा पड़ोसी सूबे खैबर पख्तूनख्वा की ओर था। यह सूबा दशकों से तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का गढ़ रहा है। अफगानिस्तान से सीमा लगी होने के कारण तालिबान समर्थित गुट यहां प्रभावी हैं। ऐसे में खैबर पख्तूनख्वा के लोगों ने मरियम नवाज के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। खैबर पख्तूनख्वा की सरकार पर काबिज इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ ने पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की आलोचना की है।

नेशनल असेंबली के स्पीकर और पीटीआई के वरिष्ठ नेता असद कैसर ने कहा कि मरियम नवाज के अपमानजनक बयान ने सूबे के निवासियों और सुरक्षाबलों की कुर्बानियों का अपमान किया है। पूर्व सांसद और नेशनल डेमोक्रेटिक मूवमेंट के चीफ मोहसिन दावर ने मरियम नवाज के आरोपों को चुनौती दी। दावर ने कहा, "जिस आतंकवाद को आप अब पंजाब के लिए खतरा बता रहे हैं, वास्तव में उसे आपके ही पंजाबी अभिजात वर्ग ने रचा है।"

मरियम नवाज ने यह बयान तब दिया है, जब पाकिस्तान में नए प्रांतों या प्रशासनिक क्षेत्रों के गठन को लेकर बहस चल रही है। पाकिस्तानी सेना ने सुझाव दिया है कि देश में सूबों का बंटवारा किया जाना चाहिए। इस सुझाव का पाकिस्तान की रबर स्टैंप सरकार ने भी समर्थन दिया है। पाकिस्तान के गृह मंत्री और सेना प्रमुख असीम मुनीर के रिश्तेदार मोहसिन नकवी पूरे पाकिस्तान में घूमकर प्रांतों के बंटवारे पर समर्थन जुटा रहे हैं।

मोहसिन नकवी का दावा है कि पाकिस्तान में नए प्रांतों का गठन सरकार या किसी राजनीतिक दल को बदलने के लिए नहीं है। बल्कि, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को उस प्रशासनिक व्यवस्था पर पुनर्विचार और पुनर्गठन करने की आवश्यकता है जो दशकों से बुनियादी सेवाएं पर्याप्त रूप से प्रदान करने में विफल रही है। उन्होंने तर्क दिया कि लगभग आठ दशकों के बाद भी पाकिस्तान बुनियादी शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता जैसी सुविधाएं प्रदान करने के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि अंततः देश को अपनी प्रशासनिक सीमाओं का पुनर्निर्धारण करना होगा।