आगरा में कल सामूहिक शपथ से गूंजेगा जनसंकल्प, सांसद नवीन जैन ने किया जनभागीदारी का आह्वान

“राष्ट्र प्रथम अभियान के तहत 27 मई को होने वाले सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम को लेकर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने शहरवासियों से व्यापक सहभागिता की अपील की है, जिसमें राष्ट्रहित, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी के संदेश के साथ नागरिकों को एकजुट होकर राष्ट्रनिर्माण के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया गया है।

May 26, 2026 - 21:40
 0
आगरा में कल सामूहिक शपथ से गूंजेगा जनसंकल्प, सांसद नवीन जैन ने किया जनभागीदारी का आह्वान

आगरा। शहर में कल (27 मई को) दोपहर 4 बजे संजय पैलेस स्थित एमजी रोड पर स्पीड कलर लैब के समीप राष्ट्र प्रथम अभियान के अंतर्गत सामूहिक शपथ संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम को लेकर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और सामाजिक जागरूकता से जुड़ा एक व्यापक जनआंदोलन है, जिसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग को राष्ट्रनिर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।

नवीन जैन ने किया नागरिकों से सहभागिता का आह्वान

सांसद नवीन जैन ने शहरवासियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर राष्ट्रहित के इस जनसंकल्प का हिस्सा बनें।

उन्होंने कहा कि देश को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक की सकारात्मक भागीदारी आवश्यक है और इसी उद्देश्य से यह अभियान लगातार जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

सात संकल्पों के साथ जनजागरण का संदेश

सांसद ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए सात आव्हानों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। इसमें स्वदेशी अपनाने, ईंधन की बचत, कारपूलिंग, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता जैसे विषय शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होकर राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ता है, तो देश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी और सभी प्रतिभागी राष्ट्रहित से जुड़े संकल्पों को दोहराएंगे।

आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन- आओ लें सामूहिक शपथ, देश को दें एक घंटा और 60 मिनट – 7 संकल्प जैसे संदेशों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य करेगा।

SP_Singh AURGURU Editor