लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में उमड़ा जनसैलाब, एत्मादपुर के मॉडल स्कूल ग्राउंड में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया प्रतिमा का अनावरण, सुशासन और जनसेवा के आदर्शों को बताया आज भी प्रासंगिक, एसपी सिंह बघेल बोले- लोकमाता राष्ट्र निर्माण का प्रतीक, पूजा पाल का बयान भी बना चर्चा का केंद्र रामशंकर राव शिंदे बोले-सिंहासन से नहीं, जनविश्वास से बनती है लोकमाता

एत्मादपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर प्रतिमा अनावरण और विशाल जनसभा हुई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकमाता के सुशासन और जनसेवा को देश के लिए प्रेरणा बताया। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने लोकमाता के सांस्कृतिक और धार्मिक योगदान का विस्तार से उल्लेख किया। महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति रामशंकर राव शिंदे ने लोकमाता को पूरे भारत की प्रेरणा बताया। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और अतीक अहमद पर निशाना साधा। मुख्य अतिथि के विलंब से पहुंचने के कारण भीषण गर्मी में लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

Jun 30, 2026 - 19:03
Jun 30, 2026 - 19:26
 0
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह में उमड़ा जनसैलाब, एत्मादपुर के मॉडल स्कूल ग्राउंड में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया प्रतिमा का अनावरण, सुशासन और जनसेवा के आदर्शों को बताया आज भी प्रासंगिक, एसपी सिंह बघेल बोले- लोकमाता राष्ट्र निर्माण का प्रतीक, पूजा पाल का बयान भी बना चर्चा का केंद्र रामशंकर राव शिंदे बोले-सिंहासन से नहीं, जनविश्वास से बनती है लोकमाता
लोकमाता अहिल्याबाई की प्रतिमा का अनावरण करते लोकसभाध्यक्ष ओम बिरला। साथ हैं केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता एवं अन्य।

एत्मादपुर में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा के अनावरण के मौके पर मौजूद जनसमूह को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल। 

आगरा। आगरा के एत्मादपुर स्थित मॉडल स्कूल ग्राउंड में मंगलवार को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर भव्य गौरव पर्व, प्रतिमा अनावरण और विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल हुए। उनके साथ महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. रामशंकर राव शिंदे, महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भारणे, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला अपने निर्धारित समय दोपहर 2 बजे के बजाय करीब दो घंटे की देरी से शाम 4 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल उन्हें मंच तक लेकर आए। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। इससे पहले सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, प्रतिमा का अनावरण

कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. रामशंकर राव शिंदे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया।

ओम बिरला बोले- सुशासन की मिसाल हैं लोकमाता

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन त्याग, सेवा, न्याय और सुशासन का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक संकटों के बावजूद लोकमाता ने धैर्य, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व का परिचय दिया तथा ऐसा प्रशासन स्थापित किया, जिसकी मिसाल आज भी दी जाती है।

उन्होंने कहा कि लोकमाता ने देशभर में मंदिरों, तीर्थस्थलों और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं पुनर्निर्माण का कार्य कर भारतीय संस्कृति को नई ऊर्जा दी। उनका जीवन आज भी जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण के लिए जनभागीदारी का आह्वान भी किया।

एसपी सिंह बघेल ने बताया राष्ट्र निर्माण का प्रतीक

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि समाज तभी आगे बढ़ता है जब वह अपने महापुरुषों, इतिहास और संस्कृति का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने देशभर में ध्वस्त किए गए अनेक मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया और सनातन संस्कृति के संरक्षण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने काशी विश्वनाथ, सोमनाथ, केदारनाथ, महाकाल, ओंकारेश्वर, घृष्णेश्वर, रामेश्वरम, भीमाशंकर, नागेश्वर और बैद्यनाथ सहित अनेक तीर्थस्थलों के पुनरुद्धार में लोकमाता के योगदान का उल्लेख किया।

बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लोकमाता की 300वीं जयंती पर स्मारक सिक्का जारी कर उन्हें राष्ट्रीय सम्मान दिया। उन्होंने युवाओं से गणित और अंग्रेजी की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, कौशल आधारित शिक्षा अपनाने तथा समाज सेवा के लिए आगे आने का भी आह्वान किया।

रामशंकर राव शिंदे बोले-सिंहासन से नहीं, जनविश्वास से बनती है लोकमाता

महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. रामशंकर राव शिंदे ने कहा कि महारानी बनने के लिए सिंहासन चाहिए, लेकिन लोकमाता बनने के लिए करोड़ों लोगों का विश्वास चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे भगवान राम, भगवान कृष्ण और छत्रपति शिवाजी महाराज पूरे देश के हैं, उसी प्रकार लोकमाता अहिल्याबाई भी पूरे भारत की प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने केवल मंदिरों का निर्माण नहीं कराया, बल्कि शिक्षित, संस्कारित और श्रेष्ठ भारत के निर्माण की नींव रखी।

पूजा पाल का विपक्ष पर हमला

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल को सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बसपा सरकार के दौरान अतीक अहमद ने उन्हें पार्टी से निकलवाया था। बाद में समाजवादी पार्टी में भी उन्हें न्याय नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने भी उनका साथ नहीं दिया और अतीक अहमद के समर्थन में खड़े हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराधियों पर कार्रवाई हुई, जिसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थामा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनके पति राजू पाल को सच्ची श्रद्धांजलि दी है तथा महिला सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

भीषण गर्मी के बीच घंटों इंतजार

मुख्य अतिथि के देरी से पहुंचने के कारण भीषण गर्मी में हजारों लोग घंटों तक कार्यक्रम स्थल पर बैठे रहे। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गमछों और कार्डबोर्ड के टुकड़ों से हवा करते दिखाई दिए। आयोजन स्थल पर कूलर और पंखे लगाए गए थे, लेकिन भीड़ के मुकाबले उनकी संख्या कम पड़ गई।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भारणे, राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते, विधान परिषद सदस्य गोपीचंद्र पडुलकर, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाह, चौ. बाबूलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, दिगंबर सिंह धाकरे, नवीन गौतम, पार्षद गौरव शर्मा सहित हजारों लोग मौजूद रहे।