परमा एकादशी पर आगरा के खाटू श्याम दरबार में दिव्य श्रृंगार के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

आगरा। पुरुषोत्तम मास में पड़ने वाली परम पुण्यदायी परमा एकादशी के अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातःकालीन मंगला आरती से लेकर रात्रि शयन आरती तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा रहा। श्याम भक्तों ने बाबा के दरबार में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और मंगलमय जीवन की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा और जय श्री श्याम के जयघोष से गुंजायमान रहा।

Jun 11, 2026 - 18:12
 0
परमा एकादशी पर आगरा के खाटू श्याम दरबार में दिव्य श्रृंगार के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में परमा एकादशी के अवसर पर श्याम बाबा के दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।

दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

परमा एकादशी के विशेष अवसर पर श्री श्याम बाबा का भव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। बाबा को श्वेत और लाल पुष्पों से सजाते हुए स्वर्ण मुकुट, कुंडल तथा आकर्षक आभूषणों से अलंकृत किया गया। बाबा के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

दिनभर चलता रहा भक्ति का महोत्सव

मंदिर में दिनभर भजन-कीर्तन, विशेष आरती और प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा। भक्तों ने श्याम नाम के संकीर्तन में भाग लेकर भक्ति रस का आनंद लिया। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देर रात तक मंदिर परिसर में बनी रहीं।

विभिन्न भक्त परिवारों ने निभाई सेवा की जिम्मेदारी

एकादशी महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न भक्त परिवारों द्वारा सेवा कार्य भी समर्पित किए गए। श्रृंगार सेवा एवं संध्या भोग सेवा श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट द्वारा संपन्न कराई गई। वहीं पोशाक सेवा नवीन गोयल, इत्र सेवा राजकुमार सिंघल तथा राजभोग सेवा राजेश जैसवाल द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित की गई।

रात्रि में विशेष आरती और भोग के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor