बरेली में भीषण आग से हड़कंप: इंटर कॉलेज परिसर में सीएम ग्रिड योजना के पाइप जलकर राख, समय रहते बड़ा हादसा टला

-आरके सिंह- बरेली। शहर के मनोहर भूषण इंटर कॊलेज परिसर में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीएम ग्रिड योजना के तहत रखे गए प्लास्टिक पाइपों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें दूर तक दिखाई दीं और आसपास के पेड़ भी इसकी चपेट में आकर झुलस गए। हालांकि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन तब तक अधिकांश पाइप जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुके थे।

Apr 26, 2026 - 22:13
 0
बरेली में भीषण आग से हड़कंप: इंटर कॉलेज परिसर में सीएम ग्रिड योजना के पाइप जलकर राख, समय रहते बड़ा हादसा टला
मनोहर भूषण इंटर कॊलेज में रविवार को लगी आग के कारण उठती भीषण लपटें।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआत में दो दमकल वाहन भेजे गए, लेकिन आग की गंभीरता को देखते हुए दो और गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री डॊ. अरुण कुमार सक्सेना मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग की लपटें काफी ऊंची थीं और इसका असर सड़क पार तक देखा गया। उन्होंने फायर ब्रिगेड की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर नियंत्रण नहीं होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

रविवार होने के कारण कॉलेज परिसर में सीमित स्टाफ मौजूद था। चौकीदार द्वारा सूचना दिए जाने पर प्रधानाचार्य डॊ. मनोज कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया। उनकी सक्रियता के चलते राहत कार्य तेजी से शुरू हो सका।

प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि कॉलेज परिसर में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत पाइपों का अस्थायी भंडारण किया गया था। आग तेजी से फैलने के कारण प्रारंभिक प्रयास नाकाफी रहे, लेकिन फायर ब्रिगेड और प्रशासन की तत्परता से स्थिति संभाल ली गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल भवन को कोई नुकसान नहीं हुआ, हालांकि पाइप पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।

फायर ऑफिसर संजीव कुमार के अनुसार आग पाइपों के स्टोरेज एरिया में लगी थी, जहां पानी और बिजली आपूर्ति से जुड़े पाइप रखे गए थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि यह कार्य एक निजी निर्माण कंपनी द्वारा किया जा रहा था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन भी किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor