मंटोला में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, रिहायशी इलाके में मची अफरा-तफरी

मंटोला क्षेत्र में डिवीजन चौकी के सामने स्थित “जे एंड एम” जूता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। मौके पर 4-5 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। रिहायशी इलाके में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल है। एसीपी सहित भारी पुलिस बल तैनात है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

Apr 27, 2026 - 10:58
 0
मंटोला में जूता फैक्ट्री में भीषण आग, रिहायशी इलाके में मची अफरा-तफरी
जूता फैक्ट्री में लगी आग के बाद बाहर निकलता धुआ।

आगरा। आगरा के मंटोला क्षेत्र में डिवीजन चौकी के सामने स्थित एक जूता फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। “जे एंड एम” नाम से संचालित इस फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना के समय फैक्ट्री के भीतर मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें देखते ही आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की चार से पांच गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में आग लगने से हालात और गंभीर हो गए, क्योंकि फैक्ट्री के आसपास रिहायशी मकान भी मौजूद हैं।

फैक्ट्री के मालिक नईम लतीफ बताए जा रहे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

दमकल कर्मियों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि आग पर जल्द काबू पाया जा सके और किसी बड़े नुकसान से बचा जा सके। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।