आगरा में गैरेज में लगी भीषण आग, ईको कार से भड़की लपटें, दो मिस्त्री झुलसे

आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में अवंती बाई चौक के पास एक गैरेज में खड़ी ईको कार में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलकर अन्य वाहनों तक पहुंच गई। हादसे में दो मिस्त्री झुलस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। ज्वलनशील पदार्थ से आग लगने की आशंका, पुलिस जांच जारी।

Mar 2, 2026 - 00:22
 0
आगरा में गैरेज में लगी भीषण आग, ईको कार से भड़की लपटें, दो मिस्त्री झुलसे
जली कार को देखते लोग।

आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अवंती बाई चौक के पास रविवार को एक कार मैकेनिक के गैरेज में खड़ी ईको कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गैराज में खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैरेज में खड़ी एक ईको गाड़ी में अज्ञात कारणों से अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में खड़ी अन्य गाड़ियों तक पहुंच गई। घटना के समय गैराज में काम कर रहे दो मजदूर मैकेनिक सनी और आमिर लपटों की चपेट में आकर झुलस गए।

लोगों ने दिखाई सूझबूझ

आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

ज्वलनशील पदार्थ से आग की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में गैरेज में रखे ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के सही कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। इस हादसे में गैराज को भारी नुकसान हुआ है और कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।